मनाली- दिल्ली रूट पर दौड़ेंगी वोल्वो व स्कैनिया बसें

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 02 दिसम्बर 2016, 1:15 PM (IST)

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश की सड़कों पर दौड़ रही हिम गौरव व हिमसुत्ता टाटा एसी बसों के स्थान पर अब नई स्कैनिया और वोल्वो बसें दौड़ेंगी। इन बसों के चलने से यात्रियों को सफर करने में और बेहत्तर सुविधाएं मिलेंगी। अभी तक हिमाचल प्रदेश से हिम गौरव व हिमसुत्ता टाटा एसी बसें प्रदेश के अनेक जिला मुख्यालय व दूसरे राज्यों के लिये चल रही हैं। परिवहन महकमे ने अब यात्रियों का सफर और बेहतर बनाने के लिये वोल्वो और स्कैनिया बसों की खरीद कर ली है। परिवहन महकमे के सूत्रों के मुताबिक हिमाचल पथ परिवहन निगम के बेड़े में लगभग 75 वोल्वो और स्कैनिया बसें शामिल हो चुकी हैं। इन बसों को हिम गौरव व हिमसुत्ता टाटा एसी बसों के रूटों पर चलाया जाएगा, जबकि हिम गौरव व हिमसुत्ता टाटा बसों के रूट दिन के समय में तबदील कर दिए जाएंगे। सूत्रों के अनुसार नई स्कैनिया व वोल्वो बसों में से छ: बसें मनाली- दिल्ली रूट पर दौड़ेंगी। कुल्लू में एचआरटीसी के कार्यकारी क्षेत्रीय प्रबंधक किशोरी यादव ने बताया कि निगम ने कुछ स्कैनिया व वोल्वो बसों की खरीद कर ली है और कुछ खरीदने की तैयारी चल रही है। एक स्कैनिया बस मनाली- दिल्ली रूट पर चल रही है। किशोरी यादव ने बताया कि स्कैनिया व वोल्वो बसें हिम गौरव व हिमसुत्ता टाटा बसों की जगह चलेंगी, जबकि हिम गौरव व हिमसुत्ता को अब दिन के समय चलाया जायेगा।
खास खबर EXCLUSIVE : देवराहा बाबा की कहानी,बाबा बालकदास की जुबानी