बेटी के प्रेमी सातवीं के छात्र का मर्डर,टीचर का पूरा परिवार गिरफ्तार

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 10 फ़रवरी 2016, 8:36 PM (IST)

पटना। बुधवार को पुलिस ने रांची के सफायर इंटरनेशनल स्कूल की हिंदी की टीचर को सातवीं क्लास के छात्र को मारने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि छात्र उनकी 11 साल की बेटी से प्यार करता था जो उन्हें बिल्कुल नापसंद था। विनय महतो नाम के छात्र का शव टीचर्स क्वाटर्स के बाहर पाया गया जहां 30 वर्षीय टीचर अपने पति और दो बच्चों के साथ रहती हैं। रांची के एसएसपी कुलदीप द्विवेदी ने बुध को बताया कि स्कूल की शिक्षिका नाजिया हुसैन, पति आरिफ अंसारी, बेटी हब्जा और बेटे हमजा को फोरेंसिक एक्सपर्ट की मदद से की गई जांच में सामने आए सबूतों पर गिरफ्तार कर लिया है।
ये है पूरा किस्सा...

नाजिया इसी स्कूल में जूनियर सेक्शन में हिंदी की टीचर है और रीवा की रहनेवाली है। उसका बेटा हमजा इसी स्कूल में 11वीं में पढता है। पति आरिफ पास के एक अन्य प्रतिष्ठित स्कूल में गणित का टीचर है। पुलिस के सामने नाजिया ने हत्याकांड के बारे में जो जानकारी दी उसके अनुसार विनय और छठी क्लास में पढनेवाली उसकी बेटी हब्जा के बीच दोस्ती थी। हमजा और उसकी मां को यह पसंद नहीं था। उन्होंने कई बार विनय को समझाया था कि वह हब्जा से दूर रहे लेकिन दोनों की दोस्ती कायम रही। कुछ दिन पहले दोनों ने स्कूल के एक कार्यक्रम में साथ में हिस्सा लिया था। इससे हमजा बेहद गुस्से में था। घटना के दिन चार फरवरी को हमजा ने विनय को अपने घर पर चिकन चिली खाने के लिए बुलाया। विनय जाना नहीं चाहता था लेकिन हमजा उसे बार-बार फोन कर रहा था।
आखिर रात को विनय अपने हास्टल से निकल कर शिक्षिका के कमरे तक पहुंच गया। किचन में हमजा उसे समझाने लगा जबकि शिक्षिका और उसकी बेटी बगल के कमरे में सोई हुई थी। हमजा और विनय के बीच बहस होने लगी और हमजा ने विनय का सिर दीवार से भिडा दिया। इससे उसका माथा फट गया। आवाज सुन शिक्षिका और उसकी बेटी किचन में आई। तीनों ने विनय को हिला-डुला कर देखा। विनय मर चुका था। तब तीनों ने मिल कर विनय को बाहर निकाला और पहले माले से नीचे फेंक दिया।
इसके बाद तीनों ने कमरे और बरामदे में लगे खून के धब्बों को साफ किया और दरवाजा बंद कर सो गए। इसबीच हत्याकांड की सीबीआई जांच को लेकर दायर जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए झारखंड हाईकोर्ट ने विनय की पोस्टमार्टम रिपोर्ट तलब की है। अदालत ने डीजीपी से एक सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। अदालत ने कहा कि यदि स्कूल में ऎसी घटना हुई है, तो क्यों ना ऎसे स्कूल को बंद कर दें।