कलेक्ट्रेट पर बेमियादी पड़ाव डालेंगे किसान !

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 28 नवम्बर 2016, 5:14 PM (IST)

हनुमानगढ़। भाखड़ा सिंचाई प्रणाली की नहरों में दिसंबर माह में तीन में से एक समूह चलाकर साढ़े आठ सौ क्यूसेक पानी उपलब्ध कराने का विरेाध शुरू हो गया है। स्थानीय भाखड़ा क्षेत्र के किसान दिसंबर महीने के दौरान 12 सौ क्यूसेक पानी की मांग कर रहे हैं। इस मांग को लेकर सोमवार को भाखड़ा के किसानों ने जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता कार्यालय और कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता के बाद किसानों ने प्रदर्शन खत्म किया। साथ ही चेतावनी दी कि यदि 4 दिसंबर तक उनकी समस्या दूर नहीं हुई और दो समूह में पानी नहीं चलाया गया तो मजबूरन उन्हें आंदोलन करना पड़ेगा। इस दौरान खेती बचाओ किसान बचाओ मोर्चा के साथ माकपा और अन्य संगठनों ने भी किसानों को पूरा सहयोग दिया और एक स्वर में किसान समस्याओं को दूर करने की मांग उठाई। प्रषासन से हुई वार्ता के दौरान जिला कलक्टर, एसडीएम, एसपी, एएसपी, एक्सईएन और सहायक अभियंता सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। आपको बता दें कि 29 नवंबर को चंडीगढ़ में भाखड़ा व्यास मैनेजमेंट (बीबीएमबी) की बैठक में भाखड़ा सिंचाई प्रणाली की नहरों में दिसंबर माह के लिए पानी का शेयर निर्धारित किया जाएगा। सिंचाई विभाग ने 4 दिसंबर से तीन में से एक समूह चलाकर 850 क्यूसेक पानी देने का प्रस्ताव बनाया है। अगर इस प्रस्ताव पर मंगलवार को होने वाली बैठक बीबीएमबी की बैठक में मुहर लगती है तो क्षेत्र में एक बड़ा किसान आन्दोलन होने के आसार हैं।
नोटबंदी: नई-पुरानी करेंसी पर गजल और गीत, वायरल हुए जुमले