बीएसएफ जवान की संदिग्ध हालातों में मौत

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 26 नवम्बर 2016, 7:34 PM (IST)

झुंझुनूं । भीमसर निवासी बीएसएफ जवान बजरंगसिंह की संदिग्ध हालातों में मौत हो गई। मौत के बाद जब शव शनिवार को उनके पैतृक गांव पहुंचा तो परिजनों ने हंगामा कर दिया और हत्या का आरोप लगाते हुए दाह संस्कार नहीं करने पर अड़ गए। जिसके चलते करीब चार घंटे के बाद सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार हो पाया। जानकारी के मुताबिक भीमसर निवासी बजरंगसिंह बीएसएफ में गोवहाटी तैनात थे। बजरंगसिंह के रिश्ते में शादी थी। जिसके लिए उन्होंने हैड क्वार्टर से 16 नवंबर से छुट्टी मांग रखी थी। लेकिन उन्हें छुट्टी नहीं मिली। इसके बाद उन्हें 23 नवंबर को छुट्टी दे दी गई। लेकिन यूपी के अलीगढ़ में उनका शव स्टेशन पर पड़ा मिला। प्रथम दृष्टया रेल से कटकर मौत की बात सामने आई।

इसके बाद जब शव गांव पहुंचा तो ग्रामीणों ने कहा कि बजरंगसिंह की हत्या की गई है। इस मामले की निष्पक्ष जांच की जाए या फिर बजरंगसिंह को शहीद का दर्जा मिले। जिस पर उन्होंने अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। मौके पर विधायक नरेंद्रकुमार तथा तहसीलदार पहुंचे। समझाइश के बाद करीब चार घंटे बाद दाह संस्कार सैन्य सम्मान के साथ कराया गया। परिजनों ने बजरंगसिंह के साथ आए झालावाड़ निवासी एक सैनिक पर हत्या में लिप्त होने का अंदेशा जताया है। क्योंकि यह सैनिक बजरंगसिंह के साथ आया था और हादसे की उसने किसी को सूचना तक नहीं दी।


नोटबंदी की राय देने वाले की पूरी राय नहीं मानी...