भारतीय सेना से मिला कड़ा जवाब, तो पाक DGMO ने किया फोन

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 24 नवम्बर 2016, 12:50 PM (IST)

नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के माछिल सेक्टर में पाकिस्तान की ओर सीजफायर उल्लंघन में तीन भारतीय जवानों की शहादत और उसकी कायरना हरकत के बाद भारतीय सेना ने पाकिस्तान को करारा जवाब दिया है। भारत की जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। पाक के एक कैप्टन सहित तीन रेंजरों को मार गिराया गया और कई चौकियां को तबाह कर दिया गया है। इस कार्रवाई में चार नागरिक भी मारे गए हैं। सैन्य सूत्रों के मुताबिक पिछले एक दशक में भारत की तरफ से एलओसी पर की गई यह सबसे बड़ी कार्रवाई है।
तनाव के बीच पाकिस्तान के डीजीएमओ ने अपने भारतीय समकक्ष लेफ्टिनेंट जनरल रणवीर सिंह को बुधवार शाम हॉटलाइन पर एलओसी के हालात पर बात की। सर्जिकल स्ट्राइक के बाद यह पहला मौका है जब पाकिस्तान डीजीएमओ ने बात की है। जबकि दूसरी ओर, पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा है कि भारत ने अघोषित रूप से पाकिस्तान के साथ युद्ध शुरू कर दिया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि पूरे क्षेत्र में कभी भी युद्ध शुरू हो सकता है।
भारत की जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान सेना का एक कैप्टन और दो जवान मारे गए हैं। पाकिस्तान सेना ने भारत की ओर से फायरिंग में अफसर के मारे जाने की पुष्टि की है। पाकिस्तानी सेना की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, मारे गए पाकिस्तानी सैनिकों के नाम हैं- कैप्टन तैमूर अली खान, हवलदार मुस्ताक हुसैन और लॉंस नायक गुलाम हुसैन। सैन्य सूत्रों के मुताबिक, वर्ष 2003 में युद्ध विराम के बाद भारत की तरफ से सीमा पर यह सबसे बड़ी कार्रवाई की गई है। इस बार भारतीय जवानों ने हमले में 120 एमएम के भारी मोर्टार और मशीनगन का इस्तेमाल किया।
नोटबंदी: नई-पुरानी करेंसी पर गजल और गीत, वायरल हुए जुमले

पाक को भारी नुकसान
सेना के उत्तरी कमांड के ब्रिगेडियर एस गोत्रा ने बताया है कि सुरक्षाबलों ने केल, पुंछ, राजौरी और माछिल सेक्टर से पाक चौकियों को निशाना बनाते हुए भारी गोलाबारी की। इससे पाक को भारी नुकसान हुआ है। उधर, राजौरी के भीमबेर सेक्टर में पाकिस्तान की गोलीबारी में बीएसएफ के दो जवान घायल हो गए।
डीजीएमओ स्तर की वार्ता का प्रस्ताव
सीमा पर बढ़ते तनाव के बीच पाकिस्तान ने डीजीएमओ स्तर की वार्ता का प्रस्ताव दिया है। बुधवार को पाकिस्तान के डीजीएमओ ने भारतीय डीजीएमओ रणवीर सिंह से हॉटलाइन पर बात की और डीजीएमओ स्तर की वार्ता का प्रस्ताव रखा। पाकिस्तान के डीजीएमओ ने भारत की फायरिंग में अपने नागरिकों और सैनिकों के हताहत होने का मुद्दा उठाया। भारत ने कहा कि यह मंगलवार को माछिल में पाकिस्तान की हरकत का जवाब था।
नोटबंदी की राय देने वाले की पूरी राय नहीं मानी...

पाक ने भारतीय उप उच्चायुक्त को फिर तलब किया
वहीं पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा पर कथित तौर पर संघर्ष विराम के बेवजह उल्लंघन को लेकर बुधवार को लगातार तीसरे दिन भारतीय उप उच्चायुक्त जेपी सिंह को तलब किया और दावा किया कि भारतीय सैनिक रिहायशी इलाकों को इरादतन निशाना बना रहे हैं। पाकिस्तान का कहना है कि धुडनियाल सेक्टर में भारतीय सुरक्षा बलों की गोलीबारी में नौ आम शहरी मारे गए और एक घायल हो गया। इससे सोमवार को पाकिस्तानी सेना ने कहा था कि नियंत्रण रेखा पर भारतीय सैनिकों के साथ गोलीबारी में कथित रूप से उसके तीन सैनिकों सहित सात लोग मारे गए। इसके साथ पिछले हफ्ते से इस तरह की घटनाओं में मरने वाले लोगों की संख्या 14 हो गयी है। दूसरी तरफ, पाकिस्तानी विदेश विभाग के प्रवक्ता नफीस जकारिया ने कई ट्वीट कर कहा कि भारतीय सैनिक के शव को क्षत-विक्षत करने की खबरों का मकसद पाकिस्तान की छवि धूमिल करना है।
सीमा पर थमी फायरिंग
इस बीच, बुधवार शाम सीमा पर फायरिंग बंद हो गई। शाम 6 बजे तक सभी इलाकों में फायरिंग रुक गई। जम्मू कश्मीर में पुंछ जिले के बालाकोट इलाके के अलावा भीमबेर, कृष्णा घाटी और नौशेरा सेक्टरों में बुधवार सुबह 9 बजे से सीमापार से फायरिंग शुरू हुई थी। पाकिस्तान ने एलओसी पर मोर्टार सेल दागे और वहां से लगातार फायरिंग की जा रही थी। भारतीय सेना ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया और मोर्टार और भारी हथियारों का इस्तेमाल कर पाकिस्तान में फायरिंग की।

नोटबंदी: नई-पुरानी करेंसी पर गजल और गीत, वायरल हुए जुमले