बीकानेर। राज्य सरकार के वर्तमान कार्यकाल के तीन वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित कार्यक्रमों की तैयारियों के संबंध में जिला कलेक्टर वेदप्रकाश की अध्यक्षता में सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर जिला कलेक्टर ने कहा कि सभी विभाग पूर्ण समन्वय रखते हुए समय रहते सभी तैयारियां सुनिश्चित करें। कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभिन्न प्रकोष्ठ गठित किए गए हैं। इन प्रकोष्ठों के अधिकारी पूर्ण गंभीरता से कार्य करें।
इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। अतिरिक्त आयुक्त (सतर्कता) उपनिवेशन इसके प्रभारी होंगे। इस अवसर पर शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में मोबाइल वैैन से विकास योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा तथा विकास पुस्तिका का प्रकाशन किया जाएगा। कार्यक्रम से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं के समन्वय के लिए समन्वय प्रकोष्ठ का गठन किया गया है। अतिरिक्त कलक्टर (नगर) को इस प्रकोष्ठ का प्रभारी बनाया गया है। साथ ही जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है।
बिना अनुमति नहीं छोड़ सकेंगे मुख्यालय
जिला कलक्टर ने कहा कि संभाग स्तरीय आयोजन तक कोई भी अधिकारी-कर्मचारी मुख्यालय नहीं छोड़ेगा। आवश्यक होने की स्थिति में इसकी अनुमति लेनी होगी। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बरते जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी नम्रता वृष्णी, नगर निगम आयुक्त आर.के. जायसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सतनाम सिंह, अतिरिक्त कलक्टर (प्रशासन) यशवंत भाकर, एडीएम सिटी शैलेन्द्र देवड़ा सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद थे।
नोटबंदी: नई-पुरानी करेंसी पर गजल और गीत, वायरल हुए जुमले