विश्व के कई देशों में होगा भगवत् गीता के श्लोकों का उच्चारण

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 20 नवम्बर 2016, 2:57 PM (IST)

कैथल। हरियाणा सरकार द्वारा छह दिसम्बर से दस दिसम्बर तक अतर्राष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत दस दिसम्बर को देश के साथ-साथ विश्व के अन्य देशों में भी गीता के श्लोकों का उच्चारण एक साथ किया जाएगा। इस दौरान गीता आरती, गीता पूजन तथा यज्ञ का भी आयोजन होगा। इसी दिन भगवान श्री कृष्ण ने कुरुक्षेत्र की पवित्र धरती पर मोहग्रस्त अर्जुन को गीता का अमर संदेश दिया था। इस संदेश को विश्व के जन-जन तक पहुंचाने के लिए अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह अभिव्यक्ति मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजेश खुल्लर ने प्रदेश भर के उपायुक्तों के साथ अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव के आयोजन की तैयारियों की विडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा करते हुए व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा लिए गए निर्णय के अनुसार छह दिसम्बर को इस महोत्सव का शुभारंभ राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी कुरुक्षेत्र में करेंगे। इस कार्यक्रम में विदेशी कलाकार भी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गीता जयंती महोत्सव का आयोजन जिला स्तर के साथ-साथ खंड स्तर पर भी किया जाएगा, जिसके तहत एक से तीन दिसम्बर तक खंड स्तर एवं सात दिसम्बर से दस दिसम्बर तक जिला स्तर पर इस महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।


यह भी पढ़े : अक्षय कुमार की फिल्म ने तोड़ी पांच हजार साल पुरानी परंपरा ! SEE PICS
यह भी पढ़े : ऑनर किलिंग! दलित परिवार के 3 जनों को गोलियों से भून डाला