थिरके विदेशी पावणे, 84 खंभों की छतरी पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 19 नवम्बर 2016, 09:12 AM (IST)

बूंदी। पर्यटन पर्व बूंदी उत्सव-2016 के दूसरे दिन की शाम 84 खंभों की छतरी पर जिला प्रशासन एवं पर्यटन विभाग की ओर से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें पार्श्व गायक रविन्द्र उपाध्याय ने राजस्थानी और फिल्मी गानों की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। कोटा जिला न्यायाधीश केदारलाल गुप्ता, जोधपुर जिला न्यायाधीश भगवानदास अग्रवाल, एमसीटी कोर्ट जज अजीत कुमार हिंगड़, बूंदी विद्यायक अशोक डोगरा, जिला कलक्टर नरेश कुमार ठकराल, पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार विश्नोई, एडीजे प्रथम मुदिता भार्गव कार्यक्रम में अतिथि के रूप में मौजूद थे। सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरूआत गणेश वंदना से हुई। इसके बाद कामेडियन वाहेगुरु भाटिया ने अपनी कॉमेडी से दर्शकों को गुदगुदाया। कार्यक्रम में पार्श्व गायक रविन्द्र उपाध्याय ने केसरिया बालम पधारों में म्हारे देश .... गीत से प्रस्तुतियों की शुरुआत की। इसके बाद मोरे सैय्या तो है परदेस......, देश पधारो, हीरे मोती ..... , और पंजाबी गीत की एक के बाद एक शानदार प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम के दौरान दमादम मस्त कलंदर गीत की प्रस्तुति के दौरान रविन्द्र उपाध्याय मंच से नीचे उतरे और विदेशी सैलानियों को नृत्य के लिए आमंत्रित किया तो, विदेशी सैलानी भी खुद को रोक नहीं पाए और उपाध्याय के साथ गीतों की धुनों पर थिरकते नजर आए। इससे पूर्व जैतसागर झील पर दीपदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। दीपदान के बाद जैतसागर झील दीपों से जगमगा उठी।