सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर फूटेगा चार्जशीट बम

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 18 नवम्बर 2016, 5:51 PM (IST)

ऊना। प्रदेश भाजपा ने कांगेस सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर एक और चार्जशीट बम फोड़ने की तैयारियां शुरू कर दी है। इसके लिए भाजपा प्रदेध्यक्ष सतपाल सत्ती ने विधायक सुरेश भारद्वाज की अगुवाई में चार्जशीट कमेटी बनाई है, जिसमें भाजपा के प्रदेश महामंत्री रणधीर शर्मा को ऊना और हमीरपुर जिलों से तथ्य जुटाने का जिम्मा सौंपा गया है। चार्जशीट राज्यपाल को सौंपी जाएगी।
रणधीर शर्मा ने यहां पत्रकारों से बातचीत करते हुए यह जानकारी दी और कहा कि चार्जशीट में प्रदेश सरकार के तमाम घोटालों का उल्लेख किया जाएगा। सरकार की नाकामियों को भी इसमें शामिल किया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री से लेकर कांग्रेस के कई नेताओं के दामन पर भ्रष्टाचार के दाग लगे हैं। भाजपा इन पर ठोस तथ्य जुटा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस सरकार नए काम शुरु करना तो दूर पूर्व भाजपा सरकार के समय में शुरू किए गए कार्यों को भी पूरा करने में नाकाम रही है। उन्होंने कहा कि ऊना में हुई पार्टी की बैठक में प्रदेश सरकार के कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। ऊना जिले से मिले तथ्यों में कांग्रेस के मंत्री, विधायक, निगमों, बोडों के अध्यक्षों समेत कांग्रेस के नेताओं ने लूटखसूट करने में कोई कमी नहीं छोड़ी है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे हैं और अपनी कुर्सी बचाने का भरसक प्रयास कर रहे हैं। प्रदेश में वन, भूमि, नशा, खनन सहित हर प्रकार का माफिया राज कर रहा है। मंत्रियों से लेकर कांग्रेस के पदाधिकारी तक माफियाओं को संरक्षण देने में लगे हैं।
उन्होंने कहा कि ऊना जिले में ड्रग और खनन माफिया के मामलों को पिछली चार्जशीट में शामिल किया गया था, लेकिन इस बार भू और वन माफिया के कारनामे भी बड़े पैमाने पर शामिल किए जा रहे हैं। स्वां में चैनेलाईजेशन में पैसे के दुरुपयोग का मामला भी सामने आया है। इसमें चहेतों को फायदा दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि उद्योग विभाग में भ्रष्टाचार के कारण प्रदेश से पुराने उद्योग पलायन कर रहे और नए आ नहीं रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश भाजपा प्रदेध्यक्ष सतपाल सत्ती ने शिमला से वरिष्ठ विधायक सुरेश भारद्वाज की अगुवाई में चार्जशीट कमेटी बनाई है, जिसमें उन्हें ऊना और हमीरपुर जिलों से चार्जशीट के लिए तथ्य जुटाने का जिम्मा सौंपा गया है।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती, भाजपा नेता प्रो. राम कुमार शर्मा, जिलाध्यक्ष बलवीर बग्गा, युवा मोर्चा मंडलाध्यक्ष राहुल देव शर्मा, जिला महामंत्री अजय चौधरी और भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी राज कुमार पठानिया भी मौजूद रहे।
यह भी पढ़े : नोटबंदी: हड़बड़ी में लिया फैसला, अब कन्फ्यूजन में सरकार!
यह भी पढ़े : युवराज सिंह की शादी लीग थीम पर, जाने क्या होगा इस शादी में