एसवाईएल मुद्दे पर सर्वदलीय बैठक का आयोजन

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 17 नवम्बर 2016, 5:45 PM (IST)

चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में गुरुवार को चंडीगढ़ में हरियाणा निवास में सर्वदलीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सतुलज-यमुना लिंक नहर के मुद्दे पर सर्वोच्च न्यायालय द्वारा हरियाणा के हक में दिए गए फैसले के शीघ्र क्रियान्वयन के लिए हरियाणा से सर्वदलीय पार्टी प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मिलने के लिए सर्व-सम्मति से निर्णय लिया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस क्षेत्र में पीने के पानी का संकट है वह संकट दूर हो और यहां की प्यासी धरती की प्यास बुझे इसके लिए सभी दलों ने एक होकर यह फैसला लिया है। भारत एक संघीय देश है और संविधान की प्रक्रियाओं व सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय को मानने से कोई मना नहीं कर सकता। संघीय प्रणाली में कोई भी ऐसा काम जो दूसरी इकाई के अहित में होगा, ऐसा करने का अधिकार किसी को नहीं है। इसलिए पंजाब के एसवाईएल के सन्दर्भ में सभी निर्णय संविधान के विपरीत है। उन्होंने कहा कि सतुलज-यमुना लिंक नहर के मुद्दे पर 12 वर्षों से लंबित 2002 में हरियाणा के हक में आए गए फैसले जिसके तहत न्यायालय में एक वर्ष के अंदर-अंदर पंजाब को एसवाईएल का निर्माण करवाने का आदेश किया था।

अन्यथा एक वर्ष बाद केंद्र सरकार अपने किसी एंजेसी से अपने इस नहर का निर्माण करवाएं और यह फैसला राष्ट्रपति संदर्भ के लिए सर्वोच्च न्यायलय के लिए लंबित था। हरियाणा सरकार द्वारा जून, 2016 के बाद से सर्वोच्च न्यायलय में जोरदार पैरवी करने के फलस्वरूप राष्ट्रपति संदर्भ पर फैसला पुन: हरियाणा के हक में दिया है। इसी के चलते 15-20 सदस्यों का सर्वदलीय पार्टी प्रतिनिधिमंडल शीघ्र ही राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री से मिलेगा जिसके लिए आज ही समय लेने की सूचना राष्ट्रपति कार्यालय व पीएमओ में भेज दी जाएगी।

उन्होंने एक अन्य प्रश्न के उत्तर में कहा कि हरियाणा विधानसभा का इस मुद्दे पर विशेष सत्र बुलाने के लिए फिलहाल कोई प्रस्ताव नहीं है। सर्वोच्च न्यायालय के फैसले को लागू करवाना मुख्य कार्य है, जिसके लिए सभी दल एकजुट होकर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से मिलेंगे और आशा है कि केन्द्र सरकार जल्द ही सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय को लागू करवाएगी।


यह भी पढ़े : टैक्सी ड्राइवर के अकाउंट में जमा हुए 62 लाख,फिर क्या हुआ पढ़ें पूरी खबर
यह भी पढ़े : EXCLUSIVE: रामगोपाल की वापसी ने लगा दी खास खबर की खबर पर मुहर