बीजिंग। न्यूजीलैंड में रविवार को रिक्टर पैमाने पर आठ की तीव्रता के भूकंप
के झटके दर्ज किए गए। समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने चाइना अर्थक्वेक नेटवर्क्स सेंटर के हवाले से
बताया कि भूकंप का केंद्र क्राइस्टचर्च से 91 किमी दूर10 किलोमीटर की गहराई
में दक्षिणी अक्षांश में 42.53 डिग्री और पूर्वी देशांतर में 173.05
डिग्री पर दर्ज किया गया।
टीवी चैनलों के अनुसार भूकंप की तीव्रता 7.8 थी जिससे वहां सुनामी लहरें भी
उठी हैं।मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सुनामी की पहली लहर दक्षिणी तट से टकराई है। अभी तक जान माल के नुकसान की खबर नहीं है।
आईएएनएस की खबर के अनुसार वीदरवाच डॉट को डॉट एनजेड के अनुसार
क्राइस्टचर्च से 181 किलोमीटर उत्तर कैकौरा में एक पैमाने पर दो मीटर की
लहर मापी गई। वेबसाइट ने कहा कि छोटी लहरें वेलिंगटन और अन्य इलाकों तक
पहुंच रही हैं।
कैथम द्वीप के निवासियों को भी नागरिक सुरक्षा प्रशासन ने चेताया है कि कोई
लहर अवश्य उठ सकती है।
समाचार पत्र हेराल्ड के अनुसार भूकंप पूरे वेलिंगटन में महसूस किया गया,
जहां सायरन बज उठा और लोग घरों से सडकों पर उतर आए, और कुछ लोग चिल्लाने
लगे।
प्रारंभिक खबरों में कहा गया था कि चेविअट शहर क्षतिग्रस्त हो गया है,
क्योंकि यह भूकंप के केंद्र के पास पडता है। लेकिन अमेरिकी भूगर्भ
सर्वेक्षण की रपटों के विपरीत न्यूजीलैंड के जियोनेट ने कहा कि भूकंप की
तीव्रता 7.5 है।
क्राइस्टचर्च के एक निवासी ने कहा कि भूकंप लंबे समय तक रहा। हैले कोलगन ने
टि्वटर पर इसे सर्वाधिक भयानक भूकंप करार दिया। उन्होंने कहा कि मैंने
न्यूजीलैंड में 23 सालों के दौरान ऎसा भूकंप नहीं देखा।
रेडियो न्यूजीलैंड ने कहा है कि हजारों की संख्या में लोगों ने अपने घर
पहले ही खाली कर दिए हैं। न्यूजीलैंड कुख्यात रिंग ऑफ फायर पर पडता है, जिस
पर बार-बार भूकंप आता रहता है और ज्वालामुखी भडकती रहती है। क्राइस्टचर्च
अभी भी 2011 के भूकंप से उबर रहा है, जिसमें 185 लोग मारे गए थे और सिटी
सेंटर नष्ट हो गया था।
तबाही की सूचना...
क्राइस्टचर्च सिविल डिफेंस इमजेंसी मैनेजमेंट अपनी एक फेसबुक पोस्ट में
कहा है, अभी हम इस बारे में सूचनाएं ले रहे हैं। अभी हमें भूकंप के कारण
शहर में भारी तबाही की सूचना मिली है। भूकंप के बाद तेज आफ्टरशॉक्स आ सकते
हैं इसलिए अपना ध्यान रखें। बताया गया कि
भूकंप से कई इमारतों को नुकसान पहुंचा है।
न्यू जीलैंड सरकार की जिऑनेट वेबसाइट ने बताया है कि भूकंप इतना तेज था कि
पूरे देश में इसके झटके महसूस किए गए हैं और नागरिकों को बाद में आने वाले
झटकों के लिए सचेत कर दिया गया है।
क्राइस्टचर्च निवासी टैमसिन एडेंसर ने
बताया कि झटके काफी देर तक महसूस किए गए। उन्होंने बताया, हम लोग सो रहे थे
और पूरे घर के हिलने पर हमारी नींद खुल गई और यह झटके लगते ही रहे।
उन्होंने कहा कि उनके घर के आसपास अधिक नुकसान नहीं हुआ है और बिजली अब भी
सुचारू है, हालांकि भूकंप के केंद्र के आसपास के शहर और गांवों में भारी
तबाही हो सकती है।
सितंबर में भी आया था भूकंप...
सितंबर में भी न्यू जीलैंड के पूर्वी तट पर 7.1 तीव्रता का भूकंप आया था।
इस भूकंप के बाद भी छोटी सुनामी आई थी जिससे कुछ खास नुकसान नहीं हुआ था।
न्यू जीलैंड ऑस्ट्रेलिया और पेसिफिक टेक्टॉनिक प्लेट के बीच स्थित है। इस
इलाके को रिंग ऑफ फायर कहा जाता है जहां साल में 15,000 झटके तक महसूस किए
जाते हैं।
यह भी पढ़े :नोट बंद तो एटीएम भी बंद, भीड़ से आम जन बेहाल, SEE PICS
यह भी पढ़े :ऐसे बना रहे हैं नमक से काले धन को सफेद