बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी ने वाराणसी में मनाया जन्मदिन

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 11 नवम्बर 2016, 6:28 PM (IST)

मिर्जापुर।बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने शुक्रवार की सुबह मां विंध्यवासिनी का दर्शन पूजन किया। उनके तीर्थ पुरोहित राजा मिश्रा ने दर्शन पूजन कराया। मां और पुत्र दोनों वाराणसी से सुबह साढ़े सात बजे कार से विंध्याचल पहुंच गए थे। उपमुख्यमंत्री ने पत्रकारों से वार्ता करने से मना कर दिया। तेजस्वी ने बस इतना ही बताया कि वह मां के साथ नौ नवंबर को अपना जन्मदिन वाराणसी में मनाए। इसके बाद मां विंध्यवासिनी का दर्शन पूजन करने चले आए। बिहार के उपमुख्यमंत्री के आने की सूचना गुरुवार को ही पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को हो गई थी। इसलिए उनके दर्शन पूजन के समय सुरक्षा के व्यापक इंतजाम कर लिए गए थे। थानाध्यक्ष अंजय कुमार सिंह की देखरेख में सुरक्षा बलों के घेरे में बिहार के उप और पूर्व मुख्यमंत्री को मंदिर परिसर तक ले जाया गया। सुबह का समय होने के कारण मंदिर पर भीड़ रही। लेकिन भीड़ को कुछ समय तक रोककर दोनों लोगों को दर्शन पूजन कराया गया। मां, बेटे ने मंदिर की परिक्रमा भी की। साथ ही वहां मौजूद तीर्थपुरोहितों को दक्षिणा दिए। इसके बाद वह तीर्थपुरोहित राजा मिश्रा के गेस्टहाउस में पहुंच कर नाश्ता लिए। एक घंटा तक विंध्य क्षेत्र में रुकने के बाद वह वाराणसी वापस हो गए।


यह भी पढ़े :27 दिन तक इन रास्तों पर ट्रेन नहीं चलेंगी

यह भी पढ़े :ब्लैक मनी पर सर्जिकल स्ट्राइक से पहले मोदी सरकार ने उठाए ये 7 कड़े कदम