जयपुर के गोनेर में अंग्रेजों के खिलाफ चलाया था आंदोलन

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 05 नवम्बर 2016, 4:58 PM (IST)

जयपुर। जिले के प्रबुद्ध स्वतंत्रता सेनानियों ने देश के स्वतंत्रता संग्राम एवं राष्ट्र के निर्माण में लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल के योगदान को अविस्मरणीय बताया है। सरदार पटेल के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे राष्ट्रीय एकता सप्ताह के तहत उन्होंने सरदार पटेल और आजादी के आंदोलन से जुड़े अपने अनुभवों को साझा किया। जयपुर जिले के स्वतंत्रता सेनानियों रामजीलाल अग्रवाल, दुर्गा प्रसाद अग्रवाल, गोविन्द नारायण शर्मा, भगवान सहाय कानूनगो तथा लक्ष्मीनारायण झरवाल ने कहा कि सरदार पटेल ने देश की आजादी में अहम भूमिका निभाई और स्वतंत्रता के बाद देश को एक सूत्र में पिरोते हुए राष्ट्रीय एकता और राष्ट्र के नवर्निमाण में अपना अमूल्य योगदान दिया।
स्वतंत्रता सेनानी रामजीलाल अग्रवाल ने बताया कि आजादी आंदोलन में सरदार वल्लभ भाई पटेल की सोच और विचारधारा से प्रेरित होकर अंग्रजों के खिलाफ जयपुर के गोनेर में आंदोलन चलाया गया था। इसमें वे स्वयं झंडा लेकर चल रहे थे। इस पर अंग्रेजों ने उन्हें जेल में डाल दिया। सरदार पटेल के नेतृत्व में 1946 में अंग्रेजों के विरुद्ध गैर जिम्मेदार कुर्सी छोड़ो आंदोलन चलाया गया। देश में मजबूत लोकतांत्रिक शासन प्रणाली सरदार पटेल की देन है।

भरतपुर स्टेट में शुरू हुआ था सत्याग्रह

जिले के 97 वर्षीय वयोवृद्ध स्वतंत्रता सेनानी दुर्गा प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि लौहपुरुष भाई पटेल ने देश को स्वतंत्रता दिलाने में अग्रणी भूमिका निभाई। भरतपुर के प्रजामंडल गठन आंदोलन में 19 वर्षीय नवयुवक के रूप में भाग लेने वाले अग्रवाल ने बताया कि देश को एकता की डोरी में बांधा और राष्ट्र के नवनिर्माण में अपना अविस्मरणीय योगदान दिया। 11 मई, 1939 को भरतपुर स्टेट में पहला सत्याग्रह शुरू हुआ, जिसमें उनके साथ सभी साथियों को गिरफ्तार किया गया।

कई आंदोलन में रहे लौहपुरुष के साथ

जिले के 100 वर्षीय वयोवृद्ध स्वतंत्रता सेनानी गोविन्द नारायण शर्मा ने बताया कि वे 37 वर्ष की आयु में ही सरदार वल्लभ भाई पटेल से प्रभावित होकर स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ गए थे। उन्होंने बताया कि उस समय चल रहे प्रजामंडल, आजाद मोर्चा, करो या मरो जैसे आंदोलनों में वे सरदार पटेल के साथ थे। पटेल बहुत ही विद्वान व जुझारू व्यक्ति थे। 1942 में भारत छोड़ो आंदोलन में भी उन्होंने हिस्सा लिया व भारत के प्रथम रक्षा मंत्री कृष्णन मेनन व जवाहर लाल नेहरू के साथ भी कार्य किया।

13 वर्ष की आयु में हो गई जेल

जिले के 98 वर्षीय वयोवृद्ध स्वतंत्रता सेनानी भगवान सहाय कानूनगो ने बतया कि सरदार पटेल की कार्य शैली से प्रभावित होकर वे सब कुछ त्याग कर स्वतंत्रता आंदोलन में शामिल हो गए। 13 वर्ष की आयु में ही घर छोड़ कर प्रजामंडल आंदोलन में सम्मिलित हो गया था। अंग्रेज सरकार ने उन्हें दो बार जेल में डाल दिया व उनकी खेती की जमीन भी एक्वायर कर ली थी। उन्होंने बताया कि सरदार वल्लभ भाई पटेल शाहपुरा आए थे, तब उनका हेलिकॉप्टर खराब हो गया था, तब मैं उनके साथ ही रहा। उन्होंने बताया कि देश का प्रथम राष्ट्रीय ध्वज उनके ही नेतृत्व में अमरसर खादी ग्रामोद्योग में बनाया गया। वे इसके चेयरमैन भी रहे। इसके लिए उन्हें मुख्यमंत्रियों द्वारा दो बार ताम्रपत्र से भी सम्मानित किया गया।

स्वतंत्रता आंदोलन के रहे सक्रिय कार्यकर्ता

जिले के 103 वर्षीय वयोवृद्ध स्वतंत्रता सेनानी लक्ष्मीनारायण झरवाल ने बताया कि अमृतसर के जलियांवाला बाग गोलीकांड से प्रभावित होकर और 1938 में भारत छोड़ो आंदोलन, नमक सत्याग्रह, साइमन कमीशन के विरोध में सरदार पटेल से पे्ररित होकर वे भी स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय कार्यकर्ता बन गया। उन्होंने प्रजामंडल में सम्मिलित होकर कार्य किया। स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय कार्य करने के कारण अंग्रेज सरकार ने उन्हें 3 अप्रैल, 1945 में जयपुर कारागार में भेज दिया।

शिक्षा मंत्री ने झंडी दिखाकर रैली को किया रवाना
सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में शिक्षा मंत्री कालीचरण सराफ ने राष्ट्रीय एकता सप्ताह के तहत शनिवार को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाकर एकता दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह दौड़ विधानसभा के समक्ष अमर जवान ज्योति से सुबह 8 बजे शुरू होकर स्टेच्यू सर्किल पर संपन्न हुई। राष्ट्रीय एकता दौड़ में स्कूली छात्र-छात्राएं, एनसीसी कैडेट्स व एनएसएस के छात्र, खिलाड़ी, युवा एवं अधिकारियों ने भाग लिया। एकता दौड़ के दौरान जयपुर महापौर निर्मल नाहटा, जिला कलेक्टर सिद्धार्थ महाजन, अति. जिला कलक्टर तृतीय कैलाश चन्द यादव, उत्तर पारस चंद जैन, जेडीए के अतिरिक्त जेडीसी ओमप्रकाश बुनकर, उपखंड अधिकारी बिरदीचन्द गंगवाल, नागरिक सुरक्षा के उपनियंत्रक जगदीश चन्द रावत, शिक्षा अधिकारी राजेन्द्र कुमार शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।



यह भी पढ़े :बाइक सवार इस तरह तोड़ ले गए चेन, देखें फुटेज...

यह भी पढ़े :सेना ने इस हथियार से छुडाए पाक के छक्के