JNUछात्र की गुमशुदगी पर माहौल गरम

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 18 अक्टूबर 2016, 9:03 PM (IST)

नई दिल्ली। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) कैंपस की छात्र राजनीति में गत दिनों गुमशुदा छात्र नजीब अहमद के मुद्दे पर उबाल आ गया है। इस मामले को लेकर रविवार रात को जेएनयू छात्र संघ और एबीवीपी ने प्रदर्शन किया।

जेएनयू छात्र संघ के पूर्व संयुक्त सचिव और एबीवीपी के नेता सौरभ शर्मा ने कहा कि 14 तारीख की रात को हुई घटना में जेएनयू छात्र संघ के अध्यक्ष मोहित पांडे ने गलत भूमिका निभाई। इसके बाद नजीब के गायब होने की घटना को लेफ्ट छात्र संगठन फायदा उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि रविवार-सोमवार की रात जेएनयू छात्र संघ के कहने पर कैंपस के मुस्लिम छात्र जमा हुए और प्रदर्शन किया। उन्होंने मोहित पांडे पर मुद्दे को सांप्रदायिक रंग देने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि नजीब की सकुशल वापसी हो।

दूसरी ओर जेएनयू छात्र संघ की ओर से जारी बयान के मुताबिक एबीवीपी मामले को पूरी तरह से सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश कर रहे हैं ताकि कैंपस में छात्रों को बांटा जा सके। जेएनयू प्रशासन की ओर से जारी बयान के मुताबिक जेएनयू सुरक्षाकर्मियों को नजीब अहमद को ढूढने के लिए कहा गया है। विश्वविद्यालय के डीन ऑफ स्टूडेंट्स ने सभी हॉस्टल के वॉर्डन को लिखित रूप में गुमशुदा की तलाश हॉस्टल में करने के लिए कहा गया है।