जोधपुर जेल में कैदियों की रसोई में लगी आग, चार कैदी झुलसे

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 18 अक्टूबर 2016, 2:13 PM (IST)

जोधपुर। केंद्रीय कारागृह की रसोई में मंगलवार को गैस सिलेंडर में रिसाव होने से आग लग गई। हादसे में चार बंदी खाना बनाने की भट्टी से झुलस गए। झुलसे हुए कैदियों को जोधपुर के महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एमजीएच की बर्न यूनिट में गंभीर रूप से झुलसे दो बंदियों का उपचार जारी है। दो अन्य बंदियों का उपचार जेल के ही चिकित्सालय में कराया गया है। सूत्रों के अनुसार सुबह करीब 6 बजे जेल की रसोई में चाय व नाश्ता बनाते समय गैस सिलेंडर में रिसाव हो गया। इससे आग लग गई। हादसे में बंदी मानाराम व कमल सहित चार जने झुलस गए हैं। सूचना पर जेल प्रहरी व जाप्ता अंदर पहुंचा। मानाराम व कमल को महात्मा गांधी अस्पताल की बर्न यूनिट में भर्ती करवाया गया है। आग से जेल की रसोई को भी नुकसान पहुंचा है और काफी सामान भी जला है।

कैदी भी बनाते हैं खाना

जेल प्रशासन अब पूरे मामले की तहकीकात कर रहा है और इस बात की छानबीन की जा रही है कि आखिर गैस की पाइप लाइन में लीकेज कैसे हुआ। आपको बता दें कि जेल में उन सजायाफ्ता कैदियों को खाना बनाने की टीम में शामिल किया जाता है जिनकी आपराधिक प्रवृति में बदलाव आ गया हो।