छात्रों ने लगाया कॉलेज को ताला, प्रदर्शन भी किया

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 18 अक्टूबर 2016, 12:51 PM (IST)

दौसा। यहां पं. नवलकिशोर शर्मा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के छात्रसंघ पदाधिकारियों ने छात्रसंघ कार्यालय आवंटित नहीं करने के विरोध में सोमवार को अन्य छात्रों के साथ कॉलेज के प्रवेश द्वार को बंद कर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारे भी लगाए। कला महाविद्यालय के छात्रसंघ अध्यक्ष रामकिशन मीना ने बताया कि कॉलेज प्रशासन की ओर से अभी तक छात्रसंघ कार्यालय नहीं दिया गया है। दूसरा कार्यालय बनाया गया है, लेकिन उसमें फर्नीचर व आलमारी सहित अन्य सामान नहीं है। कॉलेज प्रशासन मनमानी से कार्यालय नहीं दे रहा है।

अन्य मांगों का ज्ञापन भी सौंपा

इस दौरान उन्होंने कॉलेज प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर कॉलेज में हिन्दी व भूगोल विषय को स्ववित्तपोषी योजना से हटाकर नियमित कराने, कॉलेज में संस्कृत, उर्दू, चित्रकला विषय भी संचालित कराने, एक कमरे में एक ही कक्षा संचालित करने तथा कमरों में पंखे लगवाने, लॉ कॉलेज स्वीकृत कराने, छात्रसंघ कार्यालय में फर्नीचर, एसी, आलमारी आदि सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की भी चेतावनी दी। कॉलेज प्रशासन ने कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। इसके बाद विद्यार्थियों ने ताला खोल दिया। इस मौके पर उपाध्यक्ष महेन्द्रपाल मीना, महासचिव ऋषिकेश मीना आदि थे।