मेड्रिड। पेशेवर टेनिस संघ (एटीपी) ने ऑस्ट्रेलिया के विवादित टेनिस खिलाड़ी निक किर्जियोस पर शंघाई मास्टर्स में जानबूझकर हारने के लिए लगाया गया प्रतिबंध बढ़ाने का फैसला किया है। समाचार एजेंसी एफे ने सोमवार को एटीपी के हवाले से कहा कि मामले की जांच में किर्जियोस को खेल की गरिमा के विपरीत बर्ताव करने का गंभीर आरोपी पाया गया। इसके बाद 14वीं विश्व वरीयता प्राप्त किर्जियोस पर 25,000 डॉलर का जुर्माना लगाया गया और उन्हें आठ हफ्ते के लिए एटीपी टूर्नामेंट से निलंबित कर दिया गया।
किर्जियोस पर यह निलंबन अगले वर्ष 15 जनवरी तक चलेगा। हालांकि किर्जियोस यदि एटीपी द्वारा मान्यता प्राप्त किसी खेल मनोवैज्ञानिक के निर्देशन में उपचार लेते हैं तो उनका निलंबन घटाकर तीन हफ्ते का कर दिया जाएगा। किर्जियोस पर गैर प्रतिस्पर्धी व्यवहार दिखाने के लिए पहले ही 16,500 डॉलर का जुर्माना लगाया जा चुका है।
WTA रैंकिंग : केर्बर ने कायम रखा शीर्ष स्थान
मेड्रिड। जर्मनी की एंजेलिक केर्बर ने सोमवार को जारी महिला टेनिस
संघ (डब्ल्यूटीए) की ताजा रैंकिंग में शीर्ष स्थान कायम रखा है। उनके 8,310
अंक हैं। वर्ष के अंत में होने वाले डब्ल्यूटीए के प्रतिष्ठित टूर्नामेंट
डब्ल्यूटीए फाइनल्स में न खेलने की घोषणा करने वाली अमेरिका की सेरेना
विलियम्स 7,050 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
सोमवार को ही लिंज ओपन
खिताब जीतने वाली स्लोवाकिया की डोमीनिका सिबुल्कोवा को दो स्थान का फायदा
मिला है। वे 10वें पायदान से आठवें पायदान पर पहुंच गईं। हाल ही में
हांगकांग ओपन जीतने वाली डेनमार्क की कैरोलीना वोज्नियाकी को पांच स्थान का
फायदा मिला है। वे 22वें स्थान से 17वें पायदान पर पहुंच गईं।
पोलैंड
की एग्निएस्का रादवांस्का (6,050) तीसरे, रोमानिया की सिमोना हालेप (5,097)
चौथे, चेक गणराज्य की कैरोलिना प्लिस्कोवा (4,440) पांचवें, स्पेन की
गारबाइन मुगुरुजा (4,425) छठे, अमेरिका की मैडिसन कीज (3,797) सातवें,
स्लोवाकिया की डोमीनिका सिबुल्कोवा (3,625) आठवें, रूस की स्वेतलाना
कुजनेत्सोवा (3,540) नौवें और ब्रिटेन की योहान्ना कोंटा (3,455) दसवें
स्थान पर हैं।
(IANS)