देह व्यापार के लिए लाए थे, पकड़े गए 4 लड़कियां व 3 लडक़े

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 18 अक्टूबर 2016, 11:24 AM (IST)

अजमेर। यहां पुष्कर में पुलिस ने 4 लड़कियों को 3 लडक़ों के साथ संदिग्ध हालत में पकड़ा है। पुलिस ने जब इन लोगों को पकड़ा, तो वे कार में संदिग्ध अवस्था में थीं। पुलिस को देह व्यापार के लिए इनके यहां आने की सूचना थी। सूचना के आधार पर देर रात बूढ़ा पुष्कर बाईपास मार्ग पर दो लग्जरी कारों में सवार इन लोगों को संदिग्ध अवस्था में धर-दबोचा।

होटल में सप्लाई करने लाए थे

पुलिस के मुताबिक चारों लड़कियों को पुष्कर के होटलों में सप्लाई करने के लिए लाया गया था। पुलिस ने सातों को गिरफ्तार कर उनकी दोनों कार जब्त कर ली है। बूढ़ा पुष्कर बाईपास मार्ग पर खड़ी इन दोनों लग्जरी कारों की तलाशी के दौरान आरोपियों से पूछताछ की गई। इनमें से एक भी पुलिस को संतोषजनक जवाब नहीं दे पाई।

दिल्ली-कोलकाता की रहने वाली हैं लड़कियां

गिरफ्तार की गई लड़कियों में एक दिल्ली की रहने वाली है। जबकि दो लड़कियां पश्चिम बंगाल की हैं। इनके अलावा एक लडक़ी नागौर के परबतसर की भी है। गिरफ्तार दो युवक पुष्कर के रहने वाले हैं। इनमें एक अधेड़ व्यक्ति है, जो परबतसर का रहने वाला है। फिलहाल पुलिस से पूछताछ में लड़कियां यह नहीं बता पाई हैं कि इन लडक़ों से उनके क्या संबंध हैं।

परबतसर की लडक़ी व अधेड़ हैं दलाल

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आ रहा है कि परबतसर की रहने वाली लडक़ी और वहीं का अधेड़ व्यक्ति दलाल की भूमिका में काम करते हैं। पुष्कर निवासी पिंटू उर्फ महेंद्र नाथ, इमरान मोहम्मद, परबतसर निवासी राजेंद्र माली को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा दिल्ली, कोलकाता और परबतसर निवासी चार लड़कियों को भी हिरासत में लिया गया।