ओह! तो यह है ऐश्वर्या राय बच्चन की खूबसूरती का राज

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 17 अक्टूबर 2016, 11:15 PM (IST)

हिन्दी फिल्म उद्योग में कई खूबसूरत अभिनेत्रियों ने अपने हुस्न से दर्शकों को अपना दीवाना बनाया है। जिक्र करने को तो कई नाम हैं लेकिन फिलहाल हम यहां बात कर रहे हैं ऐश्वर्या राय बच्चन की जो इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘ऐ दिल है मुश्किल’ को लेकर चर्चा में हैं। इस फिल्म में उनकी खूबसूरती की बहुत चर्चा हो रही है। हालांकि फिल्म के बारे में कहा जा रहा है कि इसमें ऐश्वर्या राय बच्चन की भूमिका बमुश्किल 20 मिनट की है। वास्तविकता क्या है यह तो फिल्म प्रदर्शन के बाद ही पता चलेगा। वैसे फिल्म प्रदर्शन पर भी संशय के बादल छाए हुए हैं। इन सब को छोडिए यहां बात कर रहे थे ऐश की खूबसूरती की, तो इसमें कोई शक नहीं है कि वे खूबसूरत हैं और उनकी खूबसूरती के कई लोग दीवाने हैं।

लेकिन क्या आप जानते हैं कि ऐश्वर्या की खूबसूरती का राज क्या है? हम आपको बताते हैं उनकी खूबसूरती का राज। फिल्मफेयर ग्लैमर एंड स्टाइल अवॉर्ड में ऐश्वर्या राय की खूबसूरती के राज से पर्दा उठा है। इस अवार्ड समारोह की शाम ऐश्वर्या ब्लैक गाउन में आई थी, ब्लैक गाउन में ऐश्वर्या बहुत ही खूबसूरत लग रही थीं। इस अवॉर्ड फंक्शन में ऐश्वर्या को मोस्ट ग्लैमरस फीमेल स्टार के सम्मान से नवाजा गया।

उन्हें यह अवॉर्ड बॉलीवुड की एक और हुस्न की मलिका रेखा ने दिया। अवॉर्ड देते समय रेखा ने ही ऐश्वर्या की खूबसूरती के पीछे का राज बताया। रेखा ने कहा, ‘ऐश जब पैदा होने वाली थीं, तो उनकी मां लगातार मेरी फोटो देखती रहती थीं और देखिए नतीजा सामने है।’ रेखा ने यह बात मजाक करते हुए कही थी। रेखा और ऐश्वर्या के बीच की कैमेस्ट्री हमेशा से ही अच्छी रही है। अब रेखा का यह मजाकिया अंदाज दोनों के बीच की मजेदार कैमेस्ट्री को भी दर्शाती है।