कांग्रेस की सीनियर लीडर रीता बहुगुणा जोशी कांग्रेस से क्यों हैं नाराज़ ?

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 17 अक्टूबर 2016, 12:46 PM (IST)

आगरा। उत्तर प्रदेश में अपनी चुनावी जमीन को फिर से हासिल करने के लिए उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की मशक्कत को बड़ा झटका लग सकता है। सूत्रों के हवाले से यह खबर काफी जोर पकड़ती जा रही है कि आने वाले दिनों में कांग्रेस की सीनियर लीडर रीता बहुगुणा जोशी भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम सकती हैं। श्रीमती जोशी कभी गांधी परिवार के बेहद करीबी रही थीं। उन्हें गांधी परिवार ने कई अहम पदों से नवाज़ा है।

खबर है कि इन दिनों रीता बहुगुणा जोशी कांग्रेस की उपेक्षा से काफी दुखी हैं। सूत्रों का कहना है कि वह पिछले कई महीनों से कांग्रेस से नाराज़ चल रही हैं। कांग्रेस में हुए फेरबदल में भी उन्हें दरकिनार करने का दुख है। यह बताया जा रहा है कि उन्हें कोई बड़ी जिम्मेदारी नहीं मिलने का भी मलाल है। माना जा रहा है कि राहुल गांधी की किसान यात्रा में भी रीता कहीं नजर नहीं आईं थी।

हालांकि रीता बहुगुणा जोशी की ओर ने अभी तक इस मामले में चुप्पी साध रखी है। गौरतलब है कि 2012 उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में श्रीमती रीता बहुगुणा जोशी ने भाजपा के अपने निकटतम प्रतिद्दंदि सुरेश चंद्र तिवारी को 21,753 वोटों से करारी शिकस्त दी थी। उन्हें 63,052 वोट मिले थे।

इस पूरे मामले में कांग्रेस, उत्तर प्रदेश व्यापार प्रकोष्ठ के संयोजक राम टंडन का कहना है कि विरोधी दल अपने हित साधने के लिए इस तरह का प्रचार कर रहे हैं। यह भ्रामक प्रचार किया जा रहा है।

एनएसयूआई के राष्ट्रीय महासचिव अमित सिंह का कहना है कि कांग्रेस ने जिस तरह से रीता बहुगुणा को कई पदों पर नवाजा, उससे यह कतई नहीं लगता है कि वह कभी भी कांग्रेस का दामन छोड़ेंगी। उनके नेतृत्व में कांग्रेस ने बहुत कुछ हासिल किया है।