हस्ताक्षर अभियान चलाकर दिया चाइनीज सामान के बहिष्कार का संदेश

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 17 अक्टूबर 2016, 12:02 PM (IST)

बीकानेर। दीपावली के अवसर पर चाइनीज वस्तुओं के बहिष्कार का महाभियान सतत रूप से जारी है। अनेक कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को दीपावली के अवसर पर चाइनीज पटाखे, इलेक्ट्रॉनिक एवं सजावटी सामान नहीं खरीदने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसी श्रृंखला में कोटगेट के बाहर टाइगर यूथ क्लब की ओर से हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। क्लब के ललित ओझा ने बताया कि अभियान के दौरान विभिन्न पत्रक भी वितरित किए गए। इस दौरान आमजन को विदेशी वस्तुएं खरीदने से होने वाले आर्थिक नुकसान के बारे में बताया गया तथा विज्ञापन के मायाजाल में नहीं फंसते हुए गांवों एवं लघु-कुटीर उद्योगों को सुदृढ़ करने में भागीदारी का आह्वान किया गया। उन्होंने बताया कि यह अभियान अलग-अलग स्थानों पर सतत रूप से चलाया जाएगा। हस्ताक्षर अभियान के दौरान रोहित राठौड़, दीपक व्यास, प्रहलाद जोशी, अरूण कल्ला, अभिजीत कुमावत, सुरेश बिस्सा, रोहित व्यास, दीपेश गोपाल पुरोहित, राधे भादाणी एवं सुमित बिस्सा सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।

आज करेंगे घर-घर संपर्क

चाइनीज वस्तुओं के बहिष्कार के महाभियान में छात्राएं भी महती भूमिका निभा रही हैं। इस श्रृंखला में सोमवार दोपहर 1 बजे से बिन्नाणी कन्या महाविद्यालय छात्रा संघ की पूर्व अध्यक्ष रूपम आचार्य के नेतृत्व में घर-घर संपर्क अभियान की शुरूआत होगी। आचार्य ने बताया कि इस दौरान महिलाओं को दीपावली के अवसर पर मिट्टी के दीपक जलाने तथा पारम्परिक तरीके से रंगोली बनाने का आह्वान किया जाएगा।