केजरीवाल का अमित शाह पर तीखा हमला

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 17 अक्टूबर 2016, 10:21 AM (IST)

दिल्ली। गुजरात में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने प्रचार अभियान शुरू कर दिया है। वहीं प्रचार अभियान के दौरान दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पर तीखा हमला करते हुए उनकी तुलना जनरल डायर से कर दी। केजरीवाल ने पटेल आरक्षण आंदोलन के नेता हार्दिक पटेल को देशभक्त करार देकर पाटीदार समुदाय को लुभाने की भी कोशिश की।

राज्य में आम आदमी पार्टी की पहली रैली को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि, भाजपा और कांग्रेस पति और पत्नी की तरह है। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी और कांग्रेस नेता अहमद पटेल मिलकर काम करते हैं। पिछले साल पटेल समुदाय के सदस्यों और पुलिस के बीच की हिंसक झड़पों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, 26 अगस्त (2015) को किसने पाटीदार आरक्षण आंदोलनकर्ताओं पर गोली चलाने का आदेश दिया था। वे भारत के नागरिक थे न कि आतंकवादी। पुलिस गोलीबारी में 14 युवक मारे गए। हर कोई जानता है कि यह आदेश किसने दिया था, ये अमित शाह थे।

केजरीवाल यहीं नहीं रूके उन्होंने कहा, आप जानते हैं कि राज्य कौन चला रहा है। यह अमित शाह हैं। पहले आनंदीबेन पटेल मुख्यमंत्री थीं। अब विजय रूपानी हैं, जो केवल अमित शाह का एक रबड़ स्टांप हैं। आपको बता दें कि इससे पहले हार्दिक पटेल भी अमित शाह की तुलना जनरल डायर से कर चुके हैं।