गंगनहर बंदी के विरोध में लामबद्ध होने लगे किसान

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 16 अक्टूबर 2016, 7:17 PM (IST)

श्रीगंगानगर। गंगनहर में प्रस्तावित बंदी के विरोध में किसानों के लगभग सभी संगठन एकजुट हैं और रविवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर सभा की.गंगनहर रेगुलेशन कमेटी में शामिल नहरों के अध्यक्षों, गंगनहर प्रोजेक्ट के वर्तमान एवं पूर्व चेयरमैन ने भी गंगनहर में बंदी का विरोध जताया है।

किसान संघर्ष समिति एवं गंग कैनाल बचाओ संघर्ष समिति के आह्वान पर रविवार को गंगासिंह चौक पर महासभा कर सरकार के बंदी संबंधी प्रस्ताव का विरोध किया। इसके अलावा कांग्रेस और माकपा के संगठन किसान सभा ने भी बंदी का विरोध जताया है। प्रस्तावित बंदी के विरोध में किसान संघर्ष समिति का धरना जारी है.जल संसाधन मंत्री डॉ. रामप्रताप ने 25 अक्टूबर से 5 नवंबर को प्रस्तावित बंदी की जानकारी दी तो किसान प्रतिनिधियों ने विरोध जताया। किसानों ने अब बंदी रोकने के लिए आरपार की लड़ाई लड़ने की रणनीति बनानी शुरू कर दी है.