पणजी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच आज द्विपक्षीय मुलाकात हुई। अरी अटैक और पीओके में सर्जिकल स्ट्राइक के बाद उनकी यह पहली मुलाकात है। वहीं दोनों नेताओं की अगुवाई में शाम को प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता भी शुरू हुई। पीएम मोदी ने वार्ता के बाद ट्वीटर पर ट्वीट किया कि हम दोनों की मुलाकात फलदायी रही है। दोनों देश के प्रतिनिधियों ने आतंकवाद, सुरक्षा, भारत की एनएसजी सदस्यता की दावेदारी और विभिन्न मुद्दों पर बात की।
दोनों नेताओं की वार्ता के बाद भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने प्रेस कांफ्रेंस करके कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने द्विपक्षीय संबंधों की व उसकी दिशा की समीक्षा की। दोनों नेताओं ने माना कि आतंकवाद गंभीर मुद्दा है। चीनी राष्ट्रपति ने कहा कि हम लोग अपने सुरक्षा पर वार्ता और सहयोग को और ज्यादा मजबूती देंगे। वहीं मोदी ने कहा कि दोनों देश आतंकवाद के शिकार हैं। जिससे पूरा क्षेत्र प्रभावित हो रहा है।