चंडीगढ़। आईटी पार्क में शनिवार को एसोचेम की ओर लीडरशिप समिट एंड अवाॅर्डस का आयोजन किया गया। जिसका विषय था 21वीं सदी में नेतृत्व की नई परिभाषा। इस मौके पर चंडीगढ़ के प्रशासक वी पी बदनौरल ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की और कहा कि व्यापार और उद्योग ही किसी देश के लिए तरक्की का जरिया होते हैं। इनके बल पर ही कोई देश आर्थिक और सामाजिक तौर पर मजबूत बन सकता है। उन्होंने कहा कि उन्हें खुशी है कि आज कई भारतीय कंपनियां दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाने में कामयाब हुई है। एसोचेम की चंडीगढ़ इकाई के अध्यक्ष दिलीप शर्मा ने कहा कि इस कार्यक्रम को आयोजित करने का मकसद युवाओं को उद्योग धंधों की तरफ आकर्षित करना था। उन्होंने कहा कि भारत की जनसंख्या लगातार बढ़ रही है और ऐसे में देश के हर युवा को नौकरी दे पाना मुश्किल है। इसलिए जरुरी है कि आज का युवा खुद का कोई व्यापार शुरू करे और नौकरी करने की बजाय दूसरों को नौकरी देने वाला बने। उन्होंने केंद्र सरकार के मेक इन इंडिया कार्यक्रम की भी सराहना की।