कानपुर। बहुजन समाज पार्टी में एक ही कुर्सी है वह है सिर्फ मायावती के लिए। सुरक्षा अधिकारी तो दूर बड़े-बड़े नेता बहन जी के सामने खड़े ही रहते है। भाजपा में कम से कम सम्मान के साथ बैठने को कुर्सी तो मिलती है। यह बात बसपा सुप्रीमो के मुख्य सुरक्षा अधिकारी रहे पदम सिंह ने कही। धम्म चेतना यात्रा के समापन पर जहां हजारों दलितों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तो वहीं हाल ही में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए पदम सिंह की खासी चर्चा रही। खास बात यह रही कि सिंह ने नीली, लाल रंग की टोपी लगा रखी थी जिससे लोग आसानी से इशारा करके एक-दूसरे को बताते रहे कि यह मायावती का लंबे समय तक मुख्य सुरक्षा अधिकारी रहा।
खास बातचीत में पदम सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ही देश की एकमात्र पार्टी है जहां पर कार्यकर्ता को वही सम्मान मिलता है जो पदाधिकारियों को मिलता है। जब उनसे पूछा गया कि क्या ऐसा सम्मान बसपा में नहीं मिलता। तो उन्होंने तबाक से कहा कि वहां सम्मान की बात तो दूर बहन जी की डांट न मिले तो यही बहुत बड़ी बात है। इसके साथ ही उनके चेले चमचों को भी बर्दाश्त करना पड़ता है। चुनाव लड़ने पर कहा कि अभी दो-चार साल पार्टी में सेवा करने के बाद ही चुनाव की तरफ ध्यान दूंगा। फिलहाल पार्टी की विचारधारा को अधिक से अधिक लोगां तक पहुंचाने के लिए काम कर रहा हूं।