लेप्रोस्कोपी सर्जन की नेशनल सेमिनार फेजिस—2016 शुरू

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 14 अक्टूबर 2016, 10:20 PM (IST)

जयपुर। जटिल से जटिल सर्जरी में लेप्रोस्कोपी कारगर है और इसका लगातार उपयोग बढ़ रहा है लेकिन, सरकारी अस्पतालों में अभी भी इसका उपयोग निजी अस्पतालों की तुलना कम हो रहा है। दरअसल इसके लिए आधारभूत सुविधाएं इन अस्पतालों में उपलब्ध नहीं है।जयपुर में शुक्रवार से शुरू हुई तीन दिवसीय लेप्रोस्कोपी सर्जन की राष्ट्रीय सेमिनार फेजिस—2016 में आए सर्जन्स का मानना है कि लेप्रोस्कोपी चिकित्सा क्षेत्र में वरदान साबित हुई है लेकिन, सरकारी अस्पतालों में अभी भी उस लेवल पर इस तकनीक का उपयोग नहीं हो रहा है जितना की होना चाहिए।

निजी अस्पताल इस तकनीक का उपयोग करने के मामले मे बहुत आगे है। बालाजी हॉस्पिटल के डॉ. सुभाष अग्रवाल का मानना है कि सरकारी अस्पतालों में इसके उपयोग को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। इन अस्पतालों में सर्जन इस तकनीक को अपनाना चाहते है। लेकिन, राजनीतिक इच्छा शक्ति की कमी इसमें आड़े आ जाती है।


मेडिकल कॉलेज ग्वालियर के डॉ. अचल गुप्ता ने बताया कि लेप्रोस्कोपी सुरक्षित है लेकिन, अभी भी गॉल ब्लेडर की बीमारी में 40 फीसदी सर्जरी परम्परागत तरीके से होती है। सरकारी अस्पतालों में सर्जन पर मरीजों को दबाव भी अधिक रहता है और 24 घंटे स्टाफ तथा साधन उपलब्ध नहीं रहते। इंडियन एसोसिएशन आॅफ गेस्ट्रो एन्डो सर्जन्स एजिस के महासचिव डॉ. स्यानदेव देश गुप्ता के अनुसार, कैंसर समेत कई बीमारियों में लेप्रोस्कोपी से सर्जरी हो रही है। इसमें अब रोबोट का भी उपयोग किया जा रहा है हालांकि जटिल आॅपरेशन में रोबोट सर्जरी थोड़ी मुश्किल हो सकती है। खर्चीला होना से इसका उपयोग अभी बड़े शहरों तक सीमित है। जयपुर में रोबोट सर्जरी शुरू नहीं हुई है। आयोजन सचिव डॉ. जया माहेश्वरी ने बताया कि पहले दिन आयोजित सत्र में डॉ.स्यानदेव देशगुप्ता डॉ. ऐश्वर्यामूर्ति, डॉ. अर्पणा देशपाण्डे, डॉ. सुभाष अग्रवाल, डॉ.श्रीजॉय पटनायक, डॉ. सीआर. दास, डॉ. आंचल गुप्ता आदि ने अपने लेप्रोस्कोपी से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपना लैक्चर दिया।
इमरजेंसी केस में लेप्रोस्कोपी कारगर हो सकती है-

सेमिनार में आए डॉ. सत्यप्रिया डे सरकार का मानना है कि इमरजेंसी केस में लेप्रोस्कोपी कारगर साबित हो सकती है। हालांकि ज्यादातर अस्पतालों में इसके लिए इंफ्रास्ट्रेक्चर नहीं होने तथा यह थोड़ी महंगी होने से अमल में नहीं लाई जाती है। लेप्रोस्कोपी सर्जरी में मरीज आम सर्जरी के मुकाबले रिकवर जल्दी होता है। उन्होंने कहा कि मेडिकल ट्यूरिज्म से इसे जोड़ा जाना चाहिए।​ विदेशों में यह हो रहा है। मरीज और परिजन इलाज के लिए होने वाले खर्च में ही सैर—सपाटा भी कर लेते है। भारत में भी अब मेडिकल ट्यूरिज्म तेजी से बढ़ रहा है। हालांकि यह अभी तक बड़े शहरों तक सीमित है।