ब्रिक्स से पहले बोला चीन- इन दो मुद्दों पर भारत का करते रहेंगे विरोध

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 14 अक्टूबर 2016, 6:42 PM (IST)

नई दिल्ली। चीन के राष्ट्रपति गोवा में ब्रिक्स सम्मेलन में हिस्सा लेने पहुंच रहे हैं। इससे ठीक पहले चीन की ओर से एक बयान जारी किया गया है जिसमें कहा गया है कि वह भारत की एनएसजी में एंट्री और मसूद अजहर पर भारत के रुख का विरोध करता रहेगा।
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग की मेजबानी करने वाला भारत, पाकिस्तान से पैदा हो रहे आतंकवाद के खतरे को लेकर इस दौरान भी उसके खिलाफ अपनी राजनयिक आक्रामकता जारी रख सकता है। पांच देशों वाले ब्रिक्स समूह का यह शिखर सम्मेलन रविवार को आयोजित होगा। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ब्रिक्स सम्मेलन से पहले शनिवार को समुद्र किनारे स्थित परिसर में होने वाली द्विपक्षीय बैठकों की शृंखलाओं में भी पुतिन और शी के समक्ष यह मामला उठाएंगे। पाकिस्तान आधारित आतंकवादियों के उरी में हमला करने के कुछ ही सप्ताह बाद यह शिखर सम्मेलन हो रहा है। ऐसे में भारत इस सम्मेलन में अत्यंत जोरदार तरीके से अपनी मांग रखेगा।

इस शिखर सम्मेलन के दौरान बिम्सटेक विस्तारित बैठक भी होगी ताकि आतंकवादियों को पनाहगाह एवं हथियार मुहैया करा रहे देशों के खिलाफ कार्रवाई समेत आतंकवाद से निपटने के प्रयासों को तेज किया जा सके। भारत ने सीमा पार आतंकवाद को पाकिस्तान के समर्थन के मामले पर यूएनजीए के साथ साथ जी-20 में भी मजबूती से अपनी बात रखी थी।
भारत कर रहा है ब्रिक्स की अध्यक्षता
इस बार गोवा में 15 अक्टूबर से शुरूहो रहे आठवें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की अध्यक्षता भारत कर रहा है। भारत के अलावा ब्राजील, रूस, चीन और दक्षिण अफ्रीका इस समूह के सदस्य हैं। सम्मेलन मे इन देशों के बीच व्यापार, निवेश, विदेशी पूंजी के प्रवाह और पर्यटन सहित कई मुद्दों पर व्यापक और साथर्क बातचीत होगी। इसी मौके पर बिम्सटेक सम्मेलन भी आयोजित किया जा रहा है जिसमें भारत के अलावा बंगलादेश, भूटान, म्यांमार, नेपाल, श्रीलंका और थाईलैंड भाग ले रहे हैं।