विश्वविद्यालय का चतुर्दश दीक्षान्त समारोह 20 अक्टूबर को

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 14 अक्टूबर 2016, 2:16 PM (IST)

बीकानेर। स्वामी केशवानन्द राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय के चतुर्दश दीक्षान्त समारोह का आयोजन विश्वविद्यालय प्रांगण में 20 अक्टूबर को किया जाएगा। दीक्षान्त समारोह का आयोजन राज्यपाल एवं कुलाधिपति कल्याण सिंह की अध्यक्षता में किया जायेगा। समारोह के विशिष्ट अतिथि केन्द्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट मामलात राज्य मंत्राी अर्जुनराम मेघवाल एवं कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी होंगे, दीक्षान्त अतिथि उप महानिदेशक,कृषि शिक्षा, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद्, नई दिल्ली डॉ. एन.एस. राठौर होंगे। दीक्षान्त समारोह में 685 अभ्यर्थियों को स्नात्तक, 84 अभ्यर्थियों को स्नातकोत्तर एवं 20 अभ्यर्थियों को विद्यावाचस्पति की उपाधि से सम्मानित किया जाएगा तथा 17 मेघावी छात्रों को स्वर्ण पदक से विभूषित किया जाएगा।
विशेष पोशाक निर्धारित-इस दीक्षान्त समारोह हेतु विशेष पोशाक का निर्धारण किया गया है, जिसमें कुलपति, कुलसचिव एवं मंचासीन अतिथि पुरुषों के लिए क्रीम रंग का जोधपुरी सूट, पचरंगी साफा, क्रीम रंग के मोजे व काले जूते होंगे। इसी प्रकार विश्वविद्यालय के प्रबन्ध मण्डल के सदस्य, अकादमिक परिषद् सदस्य एवं अन्य अधिकारीगण में पुरुषों के लिए क्रीम रंग का जोधपुरी सूट, लहरिया साफा, क्रीम रंग के मोजे एवं काले जूते तथा महिलाओं के लिए क्रीम रंग की साड़ी गोल्डन बॉर्डर के साथ, गोल्डन ब्लाऊज एवं काले रंग की सेण्डिल का निर्धारण किया गया है। उपाधि एवं पदक प्राप्त करने वाले छात्रों के लिए सफेद रंग का पेन्ट, शर्ट, सफेद मोजे व काले जूते तथा छात्राओं के लिए सफेद सलवार सूट, सफेद दुपट्टा व काले रंग की सेण्डिल का निर्धारण किया गया है।
परीक्षा नियंत्रक डॉ एस के शर्मा ने बताया कि दीक्षान्त समारोह का पूर्वाभ्यास 19 अक्टूबर को दोपहर 3.30 बजे किया जायेगा। उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 18 अक्टूबर तक पंजीकरण करवाना आवश्यक है। राज्यपाल एवं कुलाधिपति का विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिये गये गांव बेनीसर, श्रीडूंगरगढ़ का 21 अक्टूबर को अवलोकन करना भी प्रस्तावित है।