श्रीगंगानगर। पंजाब क्षेत्र में बीकानेर कैनाल की आरडी 86 की पट्टी क्षतिग्रस्त है और इसका कारण है मिट्टी के कट्टे धंसना। इस कटाव को ठीक करने के लिए 25 अक्टूबर से 5 नवंबर तक बंदी प्रस्तावित की गई है। साथ ही सिंचाई पानी के लिए तैयार रेगुलेशन में बिना कोई ठोस कारण के बदलाव भी नहीं हो। ये कहना है जल संसाधन और सिंचाई मंत्री डाॅक्टर रामप्रताप का। उन्होंने कहा कि अगर बदलाव की खास जरूरत है तो जिला कलक्टर की अनुमति पहले ले लें। उन्होंने पंचायती राज विभाग को ग्राम सेवकों के माध्यम से अधिकाधिक ग्रामीणों का श्रमिक पंजीयन करने के निर्देश भी दिए। नहरबंदी को लेकर आंदोलनरत किसानों ने हंगामा किया तो मंत्री उनके पास पहुचकर उनकी बात सुनी और आश्वाशन दिया की बंदी से किसानों की बुवाई पर असर नही पड़ने दिया जायेगा।