अक्षय को मिला अमिताभ का पसन्दीदा निर्देशक

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 13 अक्टूबर 2016, 8:10 PM (IST)

हाल ही में अपनी फिल्म जॉली एलएलबी-2 की शूटिंग पूरी करने वाले अक्षय कुमार ने अपने अगले साल के प्रोजेक्ट के लिए एक और फिल्म साइन कर ली है। बताया जा रहा है कि इस बार उन्होंने निर्माता निर्देशक आर.बाल्की की फिल्म साइन की है, जो अमिताभ बच्चन के पसंदीदा निर्देशक हैं।

आर बाल्की ने अमिताभ बच्चन को लेकर ‘चीनी कम’, ‘पा’, ‘शमिताभ’ फिल्मों का निर्देशन किया है। इसके अतिरिक्त अमिताभ बच्चन आर.बाल्की और उनकी पत्नी गौरी शिंदे की फिल्मों में भी अतिथि भूमिका निभा चुके हैं।

हालांकि अभी तक इस बात की जानकारी नहीं मिल पाई है कि आर.बाल्की अक्षय कुमार को लेकर जो फिल्म बनाने जा रहे हैं उसका विषय क्या है। चूंकि बाल्की की हर फिल्म आम फिल्मों से हटकर होती है लिहाजा पूरी उम्मीद है कि उनकी नई फिल्म भी इसी तरह की होगी। जैसा कि अब तक अमिताभ बच्चन बाल्की की हर फिल्म में कहीं न कहीं नजर आए हैं, हो सकता है वे इस फिल्म में भी नजर आएं।

अक्षय इस समय नीरज पांडे की क्रेक और टॉयलेट एक प्रेम कथा में व्यस्त हैं। इसलिए इस फिल्म की शूटिंग आगामी वर्ष ही शुरू होगी।