स्टॉकहोम। अमेरिकी सिंगर बॉब डिलन को गुरूवार को साहित्य के क्षेत्र में
साल 2016 का नोबेल पुरस्कार देने की घोषणा की गई। बीबीसी की एक रिपोर्ट के
मुताबिक रॉक सिंगर बॉब डिलन (75) को यह पुरस्कार अमेरिकी गायन परंपरा में
नया काव्य भाव जोडने के लिए दिया गया है।
डिलन का नाम रॉबर्ट जिम्मरमैन था। उनका जन्म सन् 1941 में हुआ था। मिनेसोटा
के कॉफी हाउस में प्रदर्शन करते हुए उन्होंने संगीत के क्षेत्र में अपना
करियर सन् 1959 में शुरू किया था।
उनकी बेहतरीन कृतियों में ब्लोविन इन द विंड तथा द टाइम्स दे आर अ-चांजिन
जैसे गीत हैं, जो युद्ध के खिलाफ व नागरिक अधिकार आंदोलन के एंथम गीत बन
गए।
मिलेंगे 6 करोड 21 लाख,सभी हैरान...
बॉब डिलेन यह प्रतिष्ठित सम्मान हासिल करने वाले पहले गीतकार हैं और इस
घोषणा ने लोगों को हैरान कर दिया है। पूर्व में भी नोबेल के लिए गायक के
नाम की अटकलें लगी थी लेकिन उनकी दावेदारी को कभी भी गंभीरता से नहीं लिया
गया। पुरस्कार के तहत डिलेन को लगभग 6 करोड 21 लाख (927740 डॉलर) रूपये की
राशि मिलेगी।
स्वीडिश एकेडमी ने कहा कि 75 साल के डिलेन को अमेरिकी गीतों की लंबी परंपरा
में नयी काव्य शैली विकसित करने के लिए नोबेल पुरस्कार दिया गया है।
एकेडमी की स्थायी सचिव सारा दानियस ने कहा कि डिलेन के गाने कानों में
कविता जैसे लगते हैं।
नोबेल पुरस्कार इस गायक के लिए सबसे नया सम्मान है।
1941 में मिनेसोटा के डुलुथ में एक साधारण परिवार में जन्मे रॉबर्ट एलेन
जिमेरमन उर्फ बॉब डिलेन ने बडे होने के साथ हार्मोनिका, गिटार और पियानो
बजाना सीखा।
याद रहे,साहित्य के नोबेल पुरस्कार की घोषणा के साथ इस साल के नोबेल
पुरस्कारों के सभी विजेताओं की सूची पूरी हो गयी। इससे पहले चिकित्सा,
भौतिकी, रसायनशास्त्र, अर्थशास्त्र और शांति के नोबेल पुरस्कारों की घोषणा
की जा चुकी है।
शांति के नोबेल पुरस्कार विजेता को छोड बाकी विजेताओं को 10 दिसंबर को
स्टॉकहोम में एक औपचारिक समारोह में पुरस्कार एक स्वर्ण पदक और एक डिप्लोमा
दिया जाएगा।
शांति का नोबेल पुरस्कार उसी दिन नॉर्वे की राजधानी ओस्लो में होने वाले एक
दूसरे समारोह में दिया जाएगा। यह पुरस्कार नार्वे की नोबेल समिति देती है।