गोरखपुर। चौरीचौरा थाना क्षेत्र के डुमरी ख़ास स्थित पाईप फैक्ट्री पर बीती रात सो रहे दो दलित युवकों को चुनावी रंजिश में पेट्रोल डाल कर जिंदा जलाने का प्रयास किया गया। गम्भीर हालत में दोनों युवकों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जहाँ डॉक्टरों ने दोनों की हालत गंभीर देखते हुए पीजीआई रेफर कर दिया। घटना से उपजे तनाव को देखते हुए एसपी ग्रामीण व फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चौरीचौरा थानाक्षेत्र के डुमरी खास के पूर्व प्रधान व पूर्व जिला पंचायत सदस्य राजदेव पासवान के घर बीते 17 सालों से उनकी मौसी का लड़का संतोष पासवान 26 पुत्र प्रह्लाद निवासी भैसाहि बुजुर्ग थाना बांसगांव रहकर उनकी प्रधानी और अन्य कार्यो में हाथ बंटाता था।
इसी दौरान उनकी एक और मौसी का लड़का नर्वदा पुत्र राम सिंगारे भी आ गया था। दोनों ही राजदेव पासवान का हाथ बंटाने लगे। जिसे लेकर पिछले पंचायत चुनाव में कुछ लोगों से रंजिश हो गयी थी। राजदेव ने इन दिनों सोनबरसा मार्ग पर एक सीमेंट पाइप फैक्ट्री डाल रखी थी। जिसकी देखरेख उनके मौसेरे भाई ही करते थे।
रोज की तरह बीती शाम भी दोनों खाना खाकर उक्त फैक्ट्री पर सोने गये थे। रात 12 बजे के बाद लगभग आधा दर्जन से ज्यादा लोगो ने फैक्ट्री पर चढ़कर दोनों के ऊपर सोयी अवस्था में पेट्रोल डाल दिया। इस दौरान संतोष उठ गया और भागने की कोशिश किया किन्तु तब तक आरोपियों ने माचिस की जलती तीली उनके ऊपर फेंक दिया और फरार हो गए।
घटना के बाद दोनों जलती अवस्था में कुछ दूर स्थित एक परिचित के घर आकर जगाकर पूरी घटना बताये। जिसने तुरन्त राजदेव को सूचित किया तो वो लोग निजी साधन से लेकर मेडिकल कालेज पहुँचे। जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें पीजीआई रेफर कर दिया।
मामले में पीड़ित संतोष ने कुछ आरोपियों की पहचान कर लिया है। पुलिस को दी जा रही तहरीर में डुमरी के वर्तमान प्रधान राधेश्याम मौर्य के पुत्र और सोनबरसा गाँव के ग्राम प्रधान और मुकामी थाने के एचएस अजित यादव उर्फ जनार्दन समेत अन्य को नामजद किया गया है।
इस घटना को लेकर लोगों में दहशत का माहौल है। घटना से उपजे तनाव को देखते हुए एसपीआर बृजेश सिंह ने फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर अधीनस्थों को त्वरित कार्यवाही का निर्देश दिया।