जानिए PM मोदी ने कितनी छुट्टियां ली

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 12 अक्टूबर 2016, 09:05 AM (IST)

नई दिल्ली। पीएमओ यानि प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक आरटीआई के जवाब में साफ कहा है कि पीएम मोदी हर वक्त ड्यूटी पर रहते हैं। पीएमओ के मुताबिक अब तक के सभी पूर्व प्रधानमंत्रियों के अवकाश रिकॉर्ड के बारे में सूचना इस कार्यालय की ओर से रखे जाने वाले रिकॉर्ड का हिस्सा नहीं है। हालांकि,ये बताया जा सकता है कि पदभार संभालने के बाद से मौजूदा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अब तक कोई छुट्टी ही नहीं ली है। यानि पीएम ने नॉनस्टॉप काम किया है।


पीएमओ ने आरटीआई जवाब में कहा, प्रधानमंत्री को हर वक्त ड्यूटी पर मौजूद कहा जा सकता है। अर्जी देने वाला व्यक्ति ये भी जानना था कि क्या पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, अटल बिहारी वाजपेयी, एच. डी. देवगौड़ा, इंद्र कुमार गुजराल, पीवी नरसिंह राव, चंद्रशेखर, वीपी सिंह और राजीव गांधी ने कोई छुट्टी ली थी और क्या इस बारे में कोई रिकॉर्ड मौैजूद है। इसका कोई जवाब नहीं दिया गया। पीएमओ ने साफ तौर पर स्पष्ट कहा कि उसके पास पूर्व प्रधानमंत्रियों की छुट्टी के बारे में कोई रिकॉर्ड नहीं है।