नई दिल्ली। यूएन में भारत ने एक बार फिर से पाकिस्तान को करारा जवाब दिया है। भारत ने यूएन में कहा कि पाकिस्तान विश्व शांति के लिए सबसे बडा खतरा है। दरअसल सोमवार को यूएन में जम्मू- कश्मीर के मसले पर जब पाक ने बात छेडी तो भारतीय राजदूत वेंकटेश वर्मा ने यह बात कही। कॉन्फ्रेंस ऑन डिसआर्मामेंट के दौरान पाकिस्तानी राजदूत तहमीना जंजुआ ने मौखिक रूप से कमेंट किया। कॉन्फ्रेंस के दौरान जंजुआ ने कहा कि कश्मीर का मुद्दा सुलझाए बिना क्षेत्रिय शांति संभव नहीं है। कॉन्फ्रेंस में जंजुआ ने उन्ही प्रस्तावों की पेशकेश की जिन्हें भारत लंबे समय से ठुकराता आ रहा है।
जंजुआ की बात का जवाब देते हुए वेंकटेश वर्मा ने पाक में हो रहे परमाणु
हथियारों के विकास और जिहादी संगठनों से उसके संबंधों का हवाला दिया। वर्मा
ने कहा कि शांति और स्थायित्व को सबसे बडा खतरा आतंकवाद को मिलने वाले
बढावे और लगातार परमाणु शक्ति को विस्तार देने से है। जंजुआ ने कहा कि पाक
प्रधानमंत्री भारत के साथ द्विपक्षीय समझौते के लिए तैयार हैं और इसका
जिक्र उन्होंने अपने भाषण में किया था।
इस पर वर्मा ने जवाब देते हुए कहा कि उस समझौते में पाक का पक्ष सिर्फ खुद को फायदा पहुंचाने वाला था। साथ ही वर्मा ने कहा कि जो देश परमाणु अप्रसार के रास्ते में विरोध और बाधा पैदा करने की नीति पर चलता रहा हो, वह अंतरराष्ट्रीय समुदाय से स्वार्थी प्रस्तावों पर सहमति हासिल करना चाहता है। वर्मा ने यह भी कहा कि पाक इंटरनेशनल डिसआर्मामेंट अजेंडे के रास्ते में अवरोध पैदा करने के लिए जिम्मेदार है।