पीएम मोदी गरजे,आतंक को पनाह देने वालों को बख्शा नहीं जा सकता

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 11 अक्टूबर 2016, 7:39 PM (IST)

नई दिल्ली। दशहरे के मौके पर मंगलवार को लखनऊ के ऎशबाग दशहरा समारोह में पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, रावण को जलाते समय हमारा यह संकल्प होना चाहिए कि हम भी हमारे भीतर, हमारी सामाजिक रचना, राष्ट्रीय जीवन में जो-जो बुराइयां हैं, उन्हें भी ऎसे ही खत्म करके रहेंगे।

पीएम ने कहा,बुराइयों को खत्म करने की क्षमता ईश्वर ने सभी को दी हैं। हमारे अंदर बुरी सोच के रूप में पल रहे रावण को खत्म करना है। प्रभु राम मानवता के उच्च मूल्य, आदशों का प्रतिनिधित्व करते हैं। पीएम ने कहा,आतंकवाद मानवता का दुश्मन है। आतंकवाद की कोई सीमा और मर्यादा नहीं है। प्रभु राम मानवता के उच्च मूल्य,आदशों का प्रतिनिधित्व करते हैं। आतंकवाद के खिलाफ सबसे पहले लडाई जटायु ने लडी थी।

उन्होंने कहा, 26/11 के हादसे के बाद सारी दुनिया के गले उतर गया कि आतंकवाद कितना खतरा है। आतंकवाद को पनाह देने वालों को जड से खत्म करने की जरूरत पैदा हुई है। पीएम बोले,आतंक को पनाह देने वालों को बख्शा नहीं जा सकता। आतंकवाद को खत्म किए बिना मानवता की रक्षा संभव नहीं।

पीएम ने कहा,दुराचार, भ्रष्टाचार को खत्म करने का देश के हर नागरिक को संकल्प लेना होगा। गंदगी रूपी रावण से मुक्ति पाकर देश के गरीब परिवार, जो बीमारी और मौत के शिकार हो जाते हैं, हम उन्हें बचा सकते हैं। बेटे और बेटी में अंतर कर हम कितनी सीताओं को मौत के घाट उतार देते हैं, हमारे भीतर मौजूद इस रावण को खत्म करना जरूरी है। चाहे हम किसी भी समाज, संप्रदाय से क्यों न हो, बेटियां समान होनी चाहिए। महिलाओं के अधिकार समान होने चाहिए।

पीएम ने आरंभ में विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए जयश्रीराम के साथ भाषण की शुरूआत करते हुए कहा कि मुझे अति प्राचीन रामलीला समारोह में आने का सौभाग्य मिला। इसी धरती ने श्रीराम और कृष्ण दिए। विजयादशमी का पर्व असत्य पर सत्य की विजय का पर्व है। पीएम ने कहा,धरती का मार्ग युद्ध का नहीं, बुद्ध का है। युद्ध के मैदान में गीता कहने वाले भगवान श्रीकृष्ण को हम युगपुरूष मानते हैं। हम युद्ध से बुद्ध की यात्रा वाले लोग हैं।

इससे पहले गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि लखनऊ मिली-जुली भारतीय संस्कृति की जीती-जागती मिसाल है। लखनऊ पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की कर्मनगरी है। पीएम मोदी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का सिर ऊंचा किया है। शिखर पर मौजूद भ्रष्टाचार को रोकने पर पीएम नरेंद्र मोदी ने कामयाबी पाई। राजनाथ ने आगे कहा कि रावण धनवान भी था और बलवान भी। रावण और राम में अगर अंतर है तो वह है चरित्र का।

इससे पूर्व पीएम मोदी और गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने राम-लक्ष्मण की आरती उतारी। मंच पर राजनाथ सिंह के अलावा, राज्यपाल राम नाईक, यूपी बीजेपी अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य मौजूद रहे।