बाड़मेर। वेदान्ता फाउंडेशन और महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के संयुक्त प्रयासों से नए युग के डिजिटल आंगनबाड़ी 50 नंदघर के रूप में बाड़मेर को नई पहचान देने के लिए तैयार हो चुके हैं। शीघ्र ही इनका औपचारिक लोकार्पण किया जाएगा। ये नंदघर स्थानीय युवा शक्ति के उत्साह से लाभान्वित हो रहे हैं। स्थानीय महाविद्यालयों में स्नातक पाठ्यक्रम में अध्ययनरत छात्राओं ने हर शनिवार को अटल सेवा केंद्र कवास, अलानियों की ढाणी और बालिका विद्यालय बायतु के निकट स्थित नंदघरों में वॉलंटियर कार्यक्रम के अन्तर्गत नन्हे-मुन्नो के साथ अपना ज्ञान और अनुभव बांटने का बीड़ा उठाया है।
मिला नया अनुभव
बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा टीपू, अणची और चम्पा के लिए नंदघर के बच्चों के साथ बिताए पल नए अनुभव देने वाले साबित हुए। वालंटियर कार्यक्रम का उद्देश्य समुदाय के बीच आंगनबाड़ी के आधुनिक स्वरूप के लिए सहभागिता को बढ़ाना है। पचास नंदघर का पहला क्लस्टर बाड़मेर जिले में सबसे पहले निर्मित किया जा चुका है। नंदघर में टीवी के जरिए जीवंत शिक्षण की सुविधा भी होगी। प्रत्येक क्लस्टर में बच्चों, गर्भवती और स्तनपान कराने वाली स्त्रियों के लिए मोबाइल स्वास्थ्य वैन की सुविधा उपलब्ध रहेगी।