आज हो सकती है हल्की बारिश, तापमान में आएगी कमी

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 11 अक्टूबर 2016, 10:35 AM (IST)

जयपुर। प्रदेश में इन दिनों अचानक बढ़ी गर्मी और उमस के प्रभाव से मंगलवार को राहत मिल सकती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार को प्रदेश में हल्की बारिश हो सकती है। विभाग की मानें तो राजधानी में आसमान में बादल छाए रहेंगे और कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पूर्वी हवाओं के असर और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजस्थान में मंगलवार को हल्की बारिश हो सकती है।

12 अक्टूबर से होगा तापमान कम

हालांकि, विभाग का कहना है कि आगामी 12 अक्टूबर से राजधानी में सुबह व शाम के समय तापमान में कमी दर्ज होने की संभावना है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार राजधानी जयपुर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से दो-दो डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज हुआ। अधिकतम तापमान जहां 35.2 डिग्री सेल्सियस रहा वहीं, न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस रहा।