पीएम,राष्ट्रपति की विजयादशमी पर बधाई

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 11 अक्टूबर 2016, 10:27 AM (IST)

नई दिल्ली। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को विजयादशमी पर राष्ट्र को बधाई देते हुए नैतिकता के मार्ग का अनुसरण करने का आग्रह किया। राष्ट्रपति मुखर्जी ने सिलसिलेवार ट्वीट कर कहा, विजयादशमी के मौके पर देश और विदेश में रह रहे देशवासियों को हार्दिक बधाई। उन्होंने कहा, यह त्योहार हमें मर्यादा पुरुष भगवान राम की सत्यता और भरत और लक्ष्मण की वफादारी को अनुसरण करने के लिए प्रेरित करता है।


उन्होंने कहा कि यह त्योहार हमें सीता के गुणों और हनुमान की विनम्रता का अनुकरण करने के लिए प्रेरित करें। मुखर्जी ने कहा कि उम्मीद है कि यह त्योहार देश के समुदायों और क्षेत्रों को एकसूत्र में बांधेगा। विजयादशमी एक हिंदू त्योहार है और इसे बुराई पर अच्छाई की विजय के तौर पर मनाया जाता है। लोग देशभर में रावण के पुतले जलाते हैं।


पीएम मोदी ने भी दी बधाई:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को देश को विजयादशमी के पर्व पर बधाई दी।
मोदी ने ट्वीट कर कहा, आप सभी को विजयादशमी की बधाई। विजयादशमी बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। इस दिन देशभर में रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाता है।