धंधे में घाटा, झपट्टामारी में लगे चचेरे भाई

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 10 अक्टूबर 2016, 8:48 PM (IST)

नई दिल्ली। उत्तरी दिल्ली पुलिस ने एक घंटे में झपटमारी की तीन वारदातों को अंजाम देने के मामले में दो भाईयों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के वक्त दोनों वारदात को अंजाम दे रहे थे। पीडितों में दूरदर्शन की एक महिला अधिकारी भी शामिल हैं। पुलिस ने इनकी गिरफ्तारी से 24 वारदातों को सुलझाने का दावा किया है।


पुलिस ने बताया कि त्यौहार के मद्देनजर कश्मीरी गेट एवं इससे सटे इलाकों में गश्त बढाई गई है। इसी क्रम में बस अड्डे के पास गश्त कर रही टीम के पास से काले रंग की पल्सर पर सवार दो युवक गुजरे जिनके पास लेडीज बैग था। पुलिस टीम ने इनका पीछा किया और इसी दौरान दोनों युवकों ने बस में चढ रही महिला से झपटमारी की। तभी पुलिस ने दोनों को पकड लिया।

इनकी पहचान उमेश और जितेंद्र के रूप में हुई है। दोनों चचेरे भाई हैं। पूछताछ में मालूम हुआ कि इन्होंने आधे घंटे पहले दूरदर्शन की महिला अधिकारी लेमी जी नायर का बैग कोतवाली इलाके में छीना था। इससे पहले उन्होंने दरियागंज में भी महिला से झपटमारी की थी। आरोपियों ने बताया कि वे दूध के व्यवसाय में घाटा होने पर 2003 से वारदात को अंजाम देने लगे।