श्रीराम और रावण की सेना करेंगी युद्ध

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 10 अक्टूबर 2016, 6:25 PM (IST)

झांसी। मंगलवार को विजयदशमी पर्व पर शोभायात्रा के रूप में श्रीराम व रावण की सेनाएं निकलेंगी। वहीं, मैदान में पहुंचकर दोनों सेनाओं के बीच युद्ध का मंचन किया जाएगा। इसके बाद असत्य पर सत्य की जीत के रूप में भगवान श्रीराम रावण, कुंभकर्ण व मेघनाद के पुतले दहन करेंगे। शहर क्षेत्र में श्री बाल युवक रामलीला नाट्य समिति बड़ा बाजार के तत्वावधान में शोभायात्रा के रूप में भगवान श्रीराम व रावण के स्वरूप अपने वीर योद्धाओं के साथ निकलेंगे।

दोपहर 2:30 बजे से निकलने वाली शोभायात्रा बड़ा बाजार, मालिनों का चौराहा, मानिक चौक, सिंधी तिराहा, कोतवाली, पंचकुइयां, खंडेराव गेट, रानी लक्ष्मीबाई पार्क से होते हुए क्राफ्ट मैदान में पहुंचेगी। यहां राम और रावण के युद्ध के बाद रावण, कुंभकर्ण व मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा।
श्री रामलीला कमेटी सदर बाजार के तत्वावधान में सदर बाजार स्थित रामलीला मैदान से भगवान श्रीराम व रावण सेनाओं के साथ सायं पांच बजे निकलेंगे। शोभायात्रा बाटा चौराहा, सदर थाना से होते हुए पुतला दहन स्थल जिमखाना मैदान पहुंचेगी। यहां पुतला दहन किया जाएगा।

सीपरी क्षेत्र के कारगिल पार्क चांदमारी हनुमान मंदिर से नवयुवक नवदुर्गा एवं दशहरा महोत्सव समिति के तत्वावधान में श्रीराम व रावण की सेनाएं सायं छह बजे से शोभायात्रा के रूप में निकलेंगी। क्षेत्र के भ्रमण के बाद दोनों सेनाओं में कारगिल पार्क में युद्ध का मंचन होगाए जहां भगवान श्रीराम अधर्मी रावण का वध करते हुए पुतला दहन करेंगे। श्री रामलीला प्रेमनाट्य समिति प्रेमनगर के तत्वावधान में सायं चार बजे टैंपो स्टैंड प्रेमनगर दशहरा मैदान से दशहरा पर शोभायात्रा निकाली जाएगी। जो क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में भ्रमण करते हुए वापस कार्यक्रम स्थल दशहरा मैदान में पहुंचेगी। यहां रावण सहित कुंभकर्ण व मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा।