जुलूस के दौरान उपद्रियों ने दुर्गा पूजा पंडाल में की तोड़ फोड़, दोनों समुदाय के लोग हुये आमने-सामने

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 10 अक्टूबर 2016, 6:23 PM (IST)

आजमगढ़। जहानागंज में ताजियादारों ने जमकर उपद्रव किया। उन्होंने दो दुर्गा पूजा पाण्डालों के सजावट व झालर नोंच डाले। ऐसी स्थिति में दोनों समुदाय के लोग आमने-सामने हो गये। जहानागज कस्बे में तनाव की स्थिति बन गयी। सूचना मिलते ही मुकामी पुलिस के साथ-साथ पुलिस व प्रशासन के उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंच गये। इस मामले को लेकर सोमवार को दो बार थाने पर पंचायत हुई। साथ ही पीएसी भी बुला ली गयी। एक समुदाय के आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किये जाने के बाद स्थितियां कुछ सामान्य हुई।

यह घटना जहानागंज कस्बे में घटी। यहां पर कस्बे के अन्दर आधा दर्जन दुर्गा पूजा पाण्डाल स्थापित किये गये हैं। दुर्गा पूजा पाण्डाल के लोग साज सजावट में व्यस्त थे। उसी दौरान ताजियेदार अपना जुलूस लेकर चले। यह ताजियेदार दो सौ से अधिक की संख्या में थे। उनमें चार दर्जन से अधिक उपद्रवी तत्व थे। इन उपद्रवियों ने दो दुर्गा पूजा पाण्डालो डायमण्ड क्लब व अम्बिका पूजा समिति के झालर व सजावट को नोंचना शुरू कर दिया। साथ ही सजावट कर रहे पूजा कमेटी के लोगों को गालियां भी दी। घटना के वक्त जहानागंज थानाध्यक्ष बीबी सिंह मौके पर मौजूद थे। बावजूद इसके उपद्रवी घटना को अंजाम देते रहे। इसे लेकर पूजा कमेटी के लेाग आक्रोशित हो उठे।

इन स्थितियों में पुलिस पूजा कमेटी के लोगों का मान मनौवल करने लगी। यह अलग बात है कि पूजा कमेटी के लोगों का गुस्सा कम नहीं हो रहा था। इसे देखते हुये पुलिस की ओर से उच्चाधिकारियों को सूचना दी गयी। सूचना मिलते ही पीएसी के साथ-साथ सीडीओ महेन्द्र वर्मा, पुलिस कप्तान कुन्तल किशोर, एडीएम, एसडीएम सदर, तहसीलदार सदर, नायब तहसीलदार, एसपी यातायात, सीओ सदर व कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गयी। पुलिस ने किसी तरह से समझा-बुझाकर मामला तात्कालिक तौर पर शांत कर दिया। साथ ही यह आश्वासन दिया कि उपद्रवियों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी। पूजा कमेटी के लोगों ने उपद्रवियों पर कार्रवाई का दबाव बनाया।

पुलिस ने दोनों कमेटी के लोगों को थाने पर बुलाया। पूजा कमेटी के लोग किसी भी कीमत पर उपद्रवियों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही से कम पर मानने को तैयार नहीं हुये। ऐसी स्थिति में पुलिस ने आठ लोगों को नामजद करते हुये चार दर्जन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया। पूजा कमेटी की ओर से रंजीत वर्मा की तहरीर पर दूसरे पक्ष के इरशाद , इम्तेयाज, मोहम्मद शादिक, गुलाम सकर, सद्दाम, सैफ, मोहम्मद दानिश व अफसैर नामजद किये गये हैं। थाने पर हुई पंचायत में दोनों पक्षों के उपस्थिति लोगों में सुबाष जायसवाल, रंजीत वर्मा, सोनू, राजेश, जियालाल, गोपाल, हरिश्चन्द्र, सब्बीर खलीफा, फैजुलहसन, इम्तेयाज, प्रधान डा. नसीम, मौलाना अब्दुल रब, नाजिम, हाजी मुख्तार आदि रहे।