यहां 200 फीट की ऊंचाई पर बैठी हैं मां वैष्णो

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 10 अक्टूबर 2016, 12:00 PM (IST)

प्रतापगढ़। जिला मुख्यालय से लगभग 25 किलोमीटर की दूरी पर दुर्गम वन क्षेत्र में 200 फीट की ऊंचाई पर पहाड़ों पर बसा है वर्षों पुराना माताजी का धाम। इस धाम को क्षेत्र में वैष्णो देवी के नाम से जाना जाता है। ऊंची पहाडिय़ों की चोटी पर बसे इस मंदिर के आस-पास प्राकृतिक हरियाली व अति सुरम्य वातावरण है। पर्यावरण प्रेमियों के लिए यह एक सुकून भरा स्थान भी है।

स्थानीय लोगों के आस्था का केन्द्र

जानकारी के अभाव में बाहर के लोगों का यहां आना-जाना इतना नहीं है, लेकिन यह स्थान स्थानीय ग्रामीणों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। नेशनल हाईवे पर धोलापानी थाने से महज चंद फीट की दूरी पर ही करीब 200 फीट की ऊंचाई पर यह मंदिर धोलापानी थाने के जवानों की आस्था का भी प्रमुख केंद्र है। यहां नवरात्र के दौरान विशेष हवन, पूजन एवं अनुष्ठान भी होते हैं। वर्ष भर रविवार को यहां माताजी की चौकी भी लगती है। नवरात्र के दिनों में यहां अखंड जोत जलती है। इतनी ऊंचाई पर पहुंचने के लिए यहां करीब 155 सीढिय़ा बनी हुई हैं।