बारां। बारां के एक गांव में निजी बस पलट जाने से तीन लोगों की मौत हो गई तथा 12 घायल हो गए। घायलों को पास के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गंभीर घायलों को बारां रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार एक निजी बस बारां के राजपुरा से कोटा जा रही थी। बस में 22 यात्री सवार थे। बस नेशनल हाईवे 27 पर संब्रानिया के पास से गुजर रही थी। हाईवे पर इस बस के आगे रोडवेज की एक बस चल रही थी। ड्राइवर हाइवे पर चल रही रोडवेज बस को ओवरटेक करने लगा। ओवरटेक करने के प्रयास में बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई।
डिवाइडर पर चढ़ कर पलटी बस
डिवाइडर पर चढ़ते ही बस पलट गई और थोड़ी दूर तक रगड़ती गई। दुर्घटना होते ही वहां से गुजर रहे वाहन चालक मदद को आ गए। लोगों ने घायलों को बस से निकाला। घायलों को पास के अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डाक्टरों ने एक यात्री को मृत घोषित कर दिया।
दो ने रास्ते में तोड़ा दम
वहीं गंभीर रूप से घायल चार लोगों को बारां रेफर कर दिया गया। बारां ले
जाते समय चार में से दो घायलों ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।