आजमगढ़। कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष व विधानसभा चुनाव 2012 में कांग्रेस के टिकट पर भी शानदार प्रदर्शन करने वाले आजमतगढ़ नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन के कांग्रेस के पंजे से निकलकर भगवा ध्वज थामने से सगड़ी विधानसभा में कईयों का चैन छिन गया है। आधार खो चुकी कांग्रेस के टिकट पर भी विधानसभा चुनाव 2012 में आजमगढ़ मण्डल की 23 विधानसभाओं में सबसे ज्यादा वोट पाने वाले कांग्रेसी बनकर उभरे अरविंद को उनके प्रदर्शन के आधार पर लोकसभा चुनावों में मुलायम के खिलाफ पार्टी ने उतारा था।
अरविंद जायसवाल कांग्रेस पार्टी के आजमगढ़ में प्रमुख चेहरों में शुमार किये जाते रहे हैं। सगड़ी विधानसभा की प्रमुख बाजार अजमतगढ़ नगर पंचायत से लगातार तीन बार से चेयरमैन की सीट उनके पास रह रही है। विकास के प्रति सजगता और अपने कार्य के प्रति ईमानदारी की वजह से वह अपने नगर पंचायत की पहली पसंद बनते रहे हैं। वो कांग्रेस की पताका काफी दिनों तक उठाये समाजसेवा करते रहे। व्यवहार कुशलता और सबको साथ लेकर चलने की उनकी शैली ने उन्हे कांग्रेस के जिलाध्यक्ष के पद तक पहुंचा दिया। अरविंद जायसवाल अपने व्यक्तिगत व्यवहार और जनप्रियता के दम पर विधानसभा चुनाव 2012 में शानदार प्रदर्शन किये और 30 हजार से अधिक वोट पाकर वह कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशियों में आजमगढ़ मण्डल की 23 विधानसभा सीटों में से सर्वाधिक वोट पाने वाले साबित हुए।
कांग्रेस के बड़े नेताओं की उदासीनता व जनपद के नेताओं की खींचतान तथा आपसी फूट की वजह से पार्टी के अंदर से लगातार उन पर हमले होते रहे। अन्तत: खिन्न होकर उन्होने कांग्रेस को छोड़ने का फैसला उन्होने किया। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के निर्देश पर उन्होने 5 अक्टूबर को दिल्ली में पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। अरविंद के भगवा ध्वज थामते ही उनके विधानसभा सगड़ी में कई दिग्गजों की नीद गायब हो गई है। उल्लेखनीय है कि इन दिनों सगड़ी विधानसभा में चुनावी सरगर्मी तेज चल रही है। भाजपा की ओर से पिछले चार विधानसभा चुनाव तक ऐसा कोई प्रत्याशी नही रहा जो अरविंद या उनका आधा भी वोट पाया हो। ऐसे में अरविंद जैसे जनाधार वाले नेता के भाजपा में आने से पार्टी के ग्राफ में इजाफा तय माना जा रहा है।
अरविंद की भाजपा से टिकट की दावेदारी अब तक के दावेदारों में सबसे मजबूत साबित होगी। अरविंद के आने से सबसे ज्यादा नुकसान बसपा के टिकट पर अपना भाग्य आजमा रही सगड़ी विधानसभा के पूर्व विधायक सर्वेश सिंह सीपू की पत्नी बंदना सिंह का माना जा रहा है। उल्लेखनीय है कि उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्या से उपजी सहानुभूति की लहर की तोड़ किसी दल के पास नहीं दिख रहा था। अरविंद के भाजपा में आने से यह माना जा रहा है कि अब सगड़ी विधानसभा में लड़ाई त्रिकोणीय होगी। मुकाबला बसपा, भाजपा और सपा के बीच होगा। परिणाम चाहे जो हो सपा और बसपा के प्रत्याशी सहित कई दिग्गजों की नींद वर्तमान में गायब हो गई है।