बुलंदशहर। बकायेदारों के कनेक्शन काटने गए जेई को लोगों ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। गुस्साए लोगों ने जेई से सरकारी दस्तावेज तक छीन लिए। जेई के पिटते ही अन्य स्टाफ भाग खड़ा हुआ, किसी तरह भागकर उन्होंने अपनी ने जान बचाई। जेई ने आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है।जहांगीराबाद टाउन के जेई ईश्वर प्रसाद कर्मचारियों के साथ सुबह करीब 11 बजे मोहल्ला प्रभुदयाल में चेकिंग कर बकायेदारों के कनेक्शन काट रहे थे। आरोप है कि कनेक्शन काटने के दौरान लोगों ने जेई से गाली-गलौच शुरू कर दी।लोगों ने त्योहार के मौके पर बिजली कनेक्शन काटने का विरोध किया, लेकिन जेई ने कई कनेक्शन कटवा दिए। इसी दौरान कुछ लोगों ने जेई जहांगीराबाद से हाथापाई शुरू कर दी और सरकारी दस्तावेज छीन लिए।जेई के साथ हाथापाई होते ही स्टाफ मौके से भाग गया। इस पर लोगों ने जेई को दौड़ा- दौड़ाकर पीटा, किसी तरह जेई ने मौके से भागकर अपनी जान बचाई। वहीं, लोगों ने जेई पर कनेक्शन नहीं काटने के एवज में अवैध वसूली करने का आरोप लगाया है।जेई ने आरोपी के खिलाफ अभद्रता करने और बंदी बनाने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए एक व्यक्ति के खिलाफ नामजद तहरीर कोतवाली जहांगीराबाद में दी है। हालांकि अभी एफआईआर दर्ज नहीं हुई है।