वाराणसी। आचार्य श्रीधर पाण्डेय (काशी) के अनुसार शुक्ल पक्ष की अष्टमी (अश्विन मास) को ही महाअष्टमी भी कहा जाता है। इस दिन महागौरी की पूजा का विशेष महत्व है। इस बार नौ अक्टूबर को महाअष्टमी मनाई जाएगी। देवी पुराण में बताया गया हैं कि भगवती महागौरी वृषभ के पीठ पर विराजमान हैं। जिनके मस्तक पर चन्द्र का मुकुट है। मणिकान्ति मणि के समान कान्ति वाली अपनी चार भुजाओं में शंख, चक्र, धनुष और बाण धारण किए हुए हैं। इनके कानों में रत्नजडितकुण्डल झिलमिलाते हैं। ऐसी भगवती महागौरी हैं।
आज के दिन ही अन्नकूट पूजा यानी कन्या पूजन का भी विधान है। कुछ लोग नवमी के दिन भी कन्या पूजन करते हैं, लेकिन अष्टमी के दिन कन्या पूजन करना श्रेष्ठ रहता है। इस पूजन में कुल नौ कन्याओं को भोजन कराया जाता है। भोजन कराने के बाद कन्याओं को दक्षिणा देनी चाहिए। इस प्रकार महामाया भगवती प्रसन्नता से हमारे मनोरथ पूर्ण करती हैं।
मान्यता है कि अष्टमी और नवमी के बदलाव वाले समय में मां दुर्गा अपनी शक्तियों को प्रकट करती हैं। इसलिए इस दिन एक विशेष प्रकार की पूजा की जाती है जिसे चामुंडा की सांध्यपूजा के नाम से जाना जाता है। महाष्टमी के दिन सुबह स्नान करने के बाद व्यक्ति को देवी भगवती की पूरे विधि विधान से पूजा करनी चाहिए। माता की प्रतिमा अच्छे वस्त्रों से सुसज्जित रहनी चाहिए। प्रतिमा को सारे पारंपरिक हथियारों से लैस रहना चाहिए। जैसे उनके सिर पर जो छत्र होता है उस पर एक चांदी या सोने की छतरी होनी चाहिए।
या देवी सर्वभूतेषु शक्तिरूपेण संस्थिता द्य नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम:। आदि शक्ति जगदंबा की परम कृपा प्राप्त करने हेतु सम्पूर्ण भारत वर्ष में नवरात्रि का पर्व वर्ष में दो बार चैत्र शुक्ल प्रतिपदा तथा आश्विन शुक्ल प्रतिपदा को बड़ी श्रद्धा, भक्ति व हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। जिसे वसंत व शारदीय नवरात्रि के नाम से जाना जाता है एवं अत्यंत महत्वपूर्ण होता है ।
इस कर्म भूमि के सपूतों के लिए मां दुर्गा की पूजा व आराधना ठीक उसी प्रकार कल्याणकारी है, जिस प्रकार अंधेरे में घिरे हुए संसार के लिए भगवान सूर्य की एक किरण। शक्ति के लिए देवी आराधना की सुगमता का कारण मां की करुणा, दया, स्नेह का भाव किसी भी भक्त पर सहज ही हो जाता है। ये कभी भी अपने भक्त को किसी भी तरह से अक्षम या दुखी नहीं देख सकती है। उनका आशीर्वाद भी इस तरह मिलता है, जिससे साधक को किसी अन्य की सहायता की आवश्यकता नहीं पड़ती है। वह स्वयं सर्वशक्तिमान हो जाता है ।
इनकी प्रसन्नता के लिए कभी भी उपासना की जा सकती है, क्योंकि शास्त्रों में चंडी हवन के लिए किसी भी मुहूर्त की अनिवार्यता नहीं है। नवरात्रि में इस आराधना का विशेष महत्व है। इस समय के तप का फल कई गुना व शीघ्र मिलता है। इस फल के कारण ही इसे कामदूधा काल भी कहा जाता है। देवी या देवता की प्रसन्नता के लिए पंचांग साधन का प्रयोग करना चाहिए। पंचांग साधन में पटल, पद्धति, कवच, सहस्त्रनाम और स्रोत हैं। पटल का शरीर, पद्धति को शिर, कवच को नेत्र, सहस्त्रनाम को मुख तथा स्रोत को जिह्वा कहा जाता है।
इन सब की साधना से साधक देव तुल्य हो जाता है। सहस्त्रनाम में देवी के एक हजार नामों की सूची है। इसमें उनके गुण हैं व कार्य के अनुसार नाम दिए गए हैं। सहस्त्रनाम के पाठ करने का फल भी महत्वपूर्ण है। इन नामों से हवन करने का भी विधान है। इसके अंतर्गत नाम के पश्चात नम: लगाकर स्वाहा लगाया जाता है।हवन की सामग्री के अनुसार उस फल की प्राप्ति होती है। सर्व कल्याण व कामना पूर्ति हेतु इन नामों से अर्चन करने का प्रयोग अत्यधिक प्रभावशाली है। जिसे सहस्त्रार्चन के नाम से जाना जाता है। सहस्त्रार्चन के लिए देवी की सहस्त्र नामावली जो कि बाजार में आसानी से मिल जाती है कि आवश्यकता पड़ती है।
इस नामावली के एक-एक नाम का उच्चारण करके देवी की प्रतिमा पर, उनके चित्र पर, उनके यंत्र पर या देवी का आह्वान किसी सुपारी पर करके प्रत्येक नाम के उच्चारण के पश्चात नम: बोलकर भी देवी की प्रिय वस्तु चढ़ाना चाहिए। जिस वस्तु से अर्चन करना हो वह शुद्ध, पवित्र, दोष रहित व एक हजार होना चाहिए। अर्चन में बिल्वपत्र हल्दी, केसर या कुंकुम से रंग चावल, इलायची, लौंग, काजू, पिस्ता, बादाम, गुलाब के फूल की पंखुड़ी, मोगरे का फूल, चारौली, किसमिस, सिक्का आदि का प्रयोग शुभ व देवी को प्रिय है। यदि अर्चन एक से अधिक व्यक्ति एक साथ करें तो नाम का उच्चारण एक व्यक्ति को तथा अन्य व्यक्तियों को नम: का उच्चारण अवश्य करना चाहिए।
अर्चन की सामग्री प्रत्येक नाम के पश्चात, प्रत्येक व्यक्ति को अर्पित करना चाहिए। अर्चन के पूर्व पुष्प, धूप, दीपक व नैवेद्य लगाना चाहिए। दीपक इस तरह होना चाहिए कि पूरी अर्चन प्रक्रिया तक प्रज्वलित रहना चाहिए। अर्चन करने वाले को स्नान आदि से शुद्ध होकर धुले कपड़े पहनकर मौन रहकर अर्चन करना चाहिए। इस समय में आसन पर बैठना चाहिए तथा पूर्ण होने के पूर्व उसका त्याग किसी भी स्थिति में नहीं करना चाहिए। अर्चन के उपयोग में प्रयुक्त सामग्री अर्चन उपरांत किसी साधक, ब्राह्मण को मंदिर में देना चाहिए। कुंकुम से भी अर्चन किए जा सकते हैं। इसमें नम: के पश्चात बहुत थोड़ा कुंकुम देवी पर अनामिका-मध्यमा व अंगूठे का उपयोग करके चुटकी से चढ़ाना चाहिए।
बाद में उस कुंकुम से स्वयं को या भक्तों को तिलक के लिए प्रसाद के रूप में दे सकते हैं। सहस्त्रार्चन नवरात्र काल में अष्टमी व नवमी में एक बार कम से कम अवश्य करना चाहिए। इस अर्चन में आपकी आराध्य देवी का पूजन अधिक लाभकारी है। अर्चन प्रयोग बहुत प्रभावशाली, सात्विक व सिद्धिदायक होने से इसे पूर्ण श्रद्धा व विश्वास से करना चाहिए। अनेक हिन्दू धर्मग्रन्थों मे एवं भविष्य पुराण के उत्तर-पूर्व में महानवमी व दुर्गाष्टमी पूजन के विषय में भगवान श्रीकृष्ण से धर्मराज युधिष्ठिर का संवाद मिलता है। जिसमें नवमी व दुर्गाष्टमी पूजन का स्पष्ट उल्लेख है। यह पूजन प्रत्येक युगों सतयुग, त्रेता, द्वापर व कलियुग तथा कल्पों व मन्वन्तरों आदि में भी प्रचलित रहा है।
मां भगवती सम्पूर्ण जगत में परमशक्ति अनन्ता, सर्वव्यापिनी, भावगम्या, आद्या आदि नाम से विख्यात हैं जिन्हें माया, कात्यायिनी, काली, दुर्गा, चामुण्डा, सर्वमंगला, शंकरप्रिया, शिवा, जगत जननी, जगदम्बा, भवानी आदि अनेक रूपों में देव, दानव, राक्षस, गन्धर्व, नाग, यक्ष, किन्नर, मनुष्य आदि अष्टमी व नवमी को पूजते हैं। मां भगवती का पूजन अष्टमी व नवमी को करने से कष्ट,दुख मिट जाते हैं और शत्रुओं पर विजय प्राप्त होती। यह तिथि परम कल्याणकारी, पवित्र, सुख को देने वाली और धर्म की वृद्धि करने वाली है। परिवार में चल रही परंपरा अनुसार अनेक प्रकार के मंत्रोपचार से विधि प्रकार पूजा करते हुए भगवती से सुख, समृद्धि, यश, कीर्ति, विजय, आरोग्यता की कामना करनी चाहिए। मां की शास्त्रीय पद्धति से पूजा करने वाले सभी रोगों से मुक्त हो जाते हैं और धन वैभव सम्पन्न होते हैं।
पूजा सामग्री- अगरबत्ती, इलायची, चुनरी, लौंग, नारियल, अक्षत या चावल, दही, दीया व बत्ती, फल, फूल, माला, आम के पत्ते, ताजा दुर्वा, घी, शहद, देवी प्रतिमा या मुर्ति, कपूर, कुमकुम, गंध, पंचामृत, दूध, रोली, चंदन, अबीर, गुलाल, चीनी, सुपारी, पान के पत्ते आदि । मां की पूजन की विधि सबसे पहले आसन पर बैठ जाए। इसके बाद तीन बार हाथ में शुद्ध जल लेकर ऊं केशवाय नम:, ऊं माधवाय नम: व ऊं नारायणाय नम: कहे फिर हाथ साफ करे। हाथ में अक्षत व फूल लेकर मां का ध्यान करे। इसके बाद मां को फूल व चांवल चढ़ाए। इसके बाद मां को आसन समर्पित करे। आसन के बाद आचमन ग्रहण करे। इसके बाद मां की प्रतिमा या मूर्ति को दूध, दही, शहद, घी व मिश्री या शक्कर चढ़ाए। इसके बाद गंध चड़ावे, गंध के बाद शुद्ध जल समर्पित करे। इसके बाद वस्त्र व उपवस्त्र समर्पित करें । इनके बाद सौभाग्य सूत्र चढाएं। इसके बाद बिल्व पत्र, दूर्वा, फल, पुष्प, मिष्ठान, नैवेद्य आदि का भोग लगाए। सबसे अंत में लौंग, इलायची आदि चढ़ाएं व मां की आरती करें,सपरिवार,स्वजनों के साथ मां की आराधना करना चाहिए।