कानपुर। 28 सितम्बर
से मानसून की वापसी के बाद से धान की फसलों पर विपरीत असर पड़ने लगा। रही सही कसर
लगातार 28 डिग्री
से ऊपर चल रहे तापमान ने पूरा कर दिया। विशेषज्ञों के मुताबिक ऐसे में धान के
उत्पादन पर 10 से 15 फीसदी गिरावट होना तय है।
लगातार तीन सीजन से मौसम की मार झेल रहे किसानों को इस बार मानूसन ने जून जुलाई
में झमाझम बारिश कर संजीवनी दी।
जिससे तिलहनी फसलें तो नहीं हो सकी लेकिन धान की
फसल खेतों में लहलहाने लगी। तो वहीं अगस्त माह में सामान्य से कम बारिश व 28 सितम्बर के बाद मानसून की वापसी
से किसान चिन्तित होने लगे। मानसून वापसी के बाद लगातार धान की फसल के प्रतिकूल
तापमान होने से तमाम के रोगों ने फसल को कमजोर कर दिया है।
चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कृषि मौसम
वैज्ञानिक डा. अनिरूद्ध दुबे ने बताया कि पिछले 10 दिनों से तापमान 28 डिग्री से ऊपर चल रहा है। जिससे
खड़ी धान की फसलों पर फफूंदी, धब्बा
रोग के साथ गंधी व सैनिक जैसे कीटों का हमला बढ़ गया है। ऐसे में किसान कीटरोधी
दवाओं का छिड़काव जरूर करें। यह कीट धान की बालियों को बहुत नुकसान पहुंचाता है।
जिससे उत्पादन पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। उन्होंने बताया कि अगर इस कीट को नहीं मारा
गया तो अमूमन उत्पादन में 10 से 15 फीसदी की गिरावट होना तय है।
उन्होंने बताया कि धान का उत्पादन तब बेहतर होता है जब एक अक्टूबर के बाद तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्यिस हो, लेकिन पिछले 10 दिनों से तामपान अगर एक दो
दिनों को छोड़ दिया जाय तो 32 डिग्री
के ऊपर ही रहा है। डा. दुबे ने बताया कि कानपुर मंडल में धान उत्पादन का लक्ष्य 360712 मीट्रिक टन रखा गया है।