• Aapki Saheli
  • Astro Sathi
  • Business Khaskhabar
  • ifairer
  • iautoindia
1 of 1

ऋषि चिंतन: मानसिक संतुलन बनाए रखिए

मस्तिष्कीय स्वास्थ्य को सही रखने के लिए आवश्यक है कि जीवन को खिलाड़ी की तरह जिया जाए। उस भागदौड़ में लगने वाली छोटी-मोटी ठोकरों, हार-जीतों को महत्व न दिया जाए । इन्हें रात दिन के ज्वार-भाटे जैसा नियति का कौतुक - कौतूहल मात्र माना जाए। हर काम में चुस्ती और मुस्तैदी भी बरती जाए, पर यह आशा न रखी जाए कि इच्छित कामना के अनुरूप ही परिस्थितियाँ बनती चली जाएँगी। प्रतिकूलताएँ भी आती रहती हैं, उनका खट्टा-मीठा स्वाद तो चखते रहा जाए, पर अवसर ऐसा न आने दिया जाए कि हर्ष शोक की इतनी असाधारण अनुभूति हो कि मानसिक संतुलन ही गड़बड़ा जाए। आवेश चढ़ दौड़े और उत्तेजना में ऐसा कुछ न कर बैठा जाए जो अस्वाभाविक एवं अनावश्यक हो, जिसके लिए पीछे पछताना और लोगों का उपहास-तिरस्कार सहना पड़े । हर काम को पूरी समझदारी, जिम्मेदारी, तत्परता और तन्मयता के साथ किया जाए। उसमें आलस्य-प्रमाद को प्रवेश न होने दिया जाए। उपेक्षा-शिथिलता का लांछन न लगने दिया जाए। इतने पर भी यह निश्चित नहीं कहा जा सकता कि जो चाहा है वही होकर रहेगा। तैयार उसके लिए भी रहा जाए कि जो आंशिक सफलता मिले अथवा सर्वथा असफल रहना पड़े तो विचलित होने की मन:स्थिति न बनने पाए। सोचा जाना चाहिए कि संसार हमारे लिए ही नहीं बना है। इसमें असंख्यों की साझेदारी है। जो अपने लिए लाभदायक समझा जाता है, उससे दूसरों की हानि भी हो सकती है। प्रकृति का संतुलन बनाए रखने के लिए सभी का ध्यान रखना पड़ता है । खेल में एक जीतता है तो दूसरा हारता है। यही बात घटनाक्रमों के संबंध में भी लागू होती है। इच्छापूर्ति की आतुरता की महत्वाकांक्षा बनी रहती है। आवश्यक नहीं कि हर किसी की पूरी ही होती रहे। अस्तु किसी भी विचारशील को हार-जीत के लिए, अनुकूलता-प्रतिकूलता में से कोई भी हाथ लगने की संभावना से पूर्व मानस बना लेना चाहिए। प्रतिकूलताएँ ऐसी न हों, जो आवेश ग्रस्त मानस बना दे और अपनी विवेक शक्ति का ही अपहरण कर ले। वही तो एकमात्र ऐसा माध्यम है जिसके सहारे कठिनाइयों से बचना-छूटना संभव होता है। उपरोक्त प्रवचन पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा लिखित समग्र स्वास्थ्य संवर्धन कैसे ? पृष्ठ-19 से लिया गया है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

यह भी पढ़े

Web Title-Rishi Chintan: Maintain Mental Balance
खास खबर Hindi News के अपडेट पाने के लिए फेसबुक पर लाइक और ट्विटर पर फॉलो करे!
(News in Hindi खास खबर पर)
Tags: rishi chintan maintain mental balance, news in hindi, latest news in hindi, news
Khaskhabar.com Facebook Page:

गॉसिप्स

आपका राज्य

Traffic

जीवन मंत्र

Daily Horoscope

वेबसाइट पर प्रकाशित सामग्री एवं सभी तरह के विवादों का न्याय क्षेत्र जयपुर ही रहेगा।
Copyright © 2026 Khaskhabar.com Group, All Rights Reserved