• Aapki Saheli
  • Astro Sathi
  • Business Khaskhabar
  • ifairer
  • iautoindia
1 of 1

ऋषि चिंतन: युग परिवर्तन के लिए आवश्यक है परिवार निर्माण

युग परिवर्तन हथेली पर सरसों की तरह जादूई ढंग से नहीं हो सकता। बड़े काम, बड़ी व्यवस्था, धैर्य, प्रयत्न, सूझबूझ एवं तैयारी के साथ संपन्न होते हैं। भविष्य को सुखद बनाने के लिए जिस प्रकार भौतिक सुविधा-साधनों की अभिवृद्धि के प्रति चल रहे हैं, उससे भी अधिक उत्साह के साथ उत्कृष्ट व्यक्तित्वों के निर्माण का प्रयत्न योजनाबद्ध रूप से संजोया जाना चाहिए। पत्ते सींचकर मुरझाए वृक्ष को तत्काल हरा भरा कर देने की उतावली जिन्हें हो, जो तुर्त फुर्त सब कुछ देखना चाहते हों, उनकी बात दूसरी है। अन्यथा इस भवन निर्माण का प्रारंभ भूमि पूजन के शुभारंभ सहित किया जाना चाहिए। यहाँ भूमि पूजन से तात्पर्य है -नारी उत्कर्ष ! जाग्रत नारी ही उन विभूतियों एवं विशेषताओं से संपन्न हो सकती है, जिसके सहारे नई पीढ़ी का उत्कृष्टता के साथ जुड़ा हुआ उज्ज्वल भविष्य का सपना साकार बन सकना संभव हो सके। पीढिय़ाँ जनने और सुयोग्य बनाने से भी पूर्व पारिवारिक वातावरण का नवनिर्माण आवश्यक है। बच्चों को प्रभावित करने के लिए तो यह आवश्यक है ही । आज की स्थिति में सुखद परिवर्तन लाने की दृष्टि से भी यह ऐसा कदम है, जो अविलंब उठाया जाना चाहिए। नारी को तो चौबीसों घंटे घर की चहारदीवारी के भीतर रहना पड़ता है । बच्चे भी अधिकतर उसी में अपना समय गुजारते हैं। बड़े भी आजीविका उपार्जन तथा अन्य कार्यों के लिए दस-बारह घंटे से अधिक बाहर नहीं रहते, उन्हें भी अधिक समय नहाने, खाने, पीने, पारिवारिक कार्यों को देखने सँभालने के लिए घर में ही रहना पड़ता है। इस प्रकार वास्तविक जीवन का अधिकतर भाग घर परिवार के कार्यक्षेत्र में ही गुजरता है। पारिवारिक सुख के लिए अर्थ-साधनों की आवश्यकता से कोई इंकार नहीं करता, पर ध्यान में रखने योग्य बात यह है कि इस प्रयोजन के लिए सबसे बड़ी आवश्यकता सद्भावना एवं सुव्यवस्था की है। यह दोनों तत्व विद्यमान रहेंगे तो अभावग्रस्त परिस्थितियों में भी हँसते हँसाते दिन गुजारे जा सकते हैं । स्नेह, सौभाग्य, सहकार, सद् व्यवहार ही वह पूँजी है, जिसके सहारे एक साथ रहने वाले मनुष्य पारस्परिक आदान-प्रदान से छोटे से परिवार में स्वर्गीय वातावरण का सृजन कर सकते हैं। स्वर्ग में हर्षोल्लास की परिस्थितियांँ मिलने की कल्पना की जाती है। उसका व्यावहारिक और प्रत्यक्ष रूप देखना हो तो किसी सद्गृहस्थ के घर-परिवार में प्रवेश करके देखा जा सकता है। ऐसे स्नेह सिक्त वातावरण में रहने के लिए हर किसी का मन ललचाएगा, भले ही वहाँ साधनों की न्यूनता का ही सामना क्यों न करना पड़े। ऐसे ही परिवारों में सुसंस्कारी बालक विकसित होते हैं और उन्हीं का परिष्कृत व्यक्तित्व बड़े होने पर उन्हें महामानवों की श्रेणी में ला बिठाता है। जिंदगी को चैन से गुजारने के लिए भी ऐसी ही पारिवारिक परिस्थितियाँ होनी चाहिए।
उपरोक्त प्रवचन पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा लिखित पुस्तक परिवार निर्माण की उपयोगिता समझी जाए, पृष्ठ- 8 से लिया गया है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

यह भी पढ़े

Web Title-Rishi Chintan: Family building is necessary for era change
खास खबर Hindi News के अपडेट पाने के लिए फेसबुक पर लाइक और ट्विटर पर फॉलो करे!
(News in Hindi खास खबर पर)
Tags: rishi chintan family building is necessary for era change, news in hindi, latest news in hindi, news
Khaskhabar.com Facebook Page:

गॉसिप्स

आपका राज्य

Traffic

जीवन मंत्र

Daily Horoscope

वेबसाइट पर प्रकाशित सामग्री एवं सभी तरह के विवादों का न्याय क्षेत्र जयपुर ही रहेगा।
Copyright © 2026 Khaskhabar.com Group, All Rights Reserved